बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. पार्टी ने चार सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी किए हैं, जिनमें तीन उम्मीदवार द्विवार्षिक चुनाव के लिए और एक उम्मीदवार उपचुनाव के लिए घोषित किया गया है. जेडीयू द्वारा जारी सूची के अनुसार पटना जिले से निशांत कुमार को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं मधुबनी जिले से भारती मेहता को पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है. पश्चिम चंपारण से शिवानी देवी प्रजापति को भी जेडीयू ने चुनावी मैदान में उतारा है.
इसके अलावा शेखपुरा जिले में होने वाले उपचुनाव के लिए ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी की ओर से जारी इस सूची के साथ ही बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू की तैयारियां स्पष्ट हो गई हैं. जेडीयू की उम्मीदवारों की सूची में खास बात यह है कि पार्टी ने दो महिला उम्मीदवारों को मौका दिया है. मधुबनी से भारती मेहता और पश्चिम चंपारण से शिवानी देवी प्रजापति को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने महिलाओं की भागीदारी पर भरोसा जताया है. राजनीतिक गलियारों में इसे जेडीयू की महत्वपूर्ण रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.
एमएलसी चुनाव से पहले जेडीयू ने खोले अपने पत्ते
बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर अन्य दल भी अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं. बीजेपी की ओर से संजय मयूख, पवन सिंह, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है. जेडीयू और बीजेपी द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है. दोनों दलों ने अपने प्रत्याशियों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है.
बीजेपी ने भी संजय मयूख, पवन सिंह समेत चार प्रत्याशियों के नाम किए घोषित
फिलहाल जेडीयू की ओर से जारी सूची में पटना से निशांत कुमार, मधुबनी से भारती मेहता, पश्चिम चंपारण से शिवानी देवी प्रजापति और शेखपुरा उपचुनाव के लिए ललन प्रसाद के नाम शामिल हैं. पार्टी के इन उम्मीदवारों पर अब चुनावी मैदान में प्रदर्शन की जिम्मेदारी होगी. बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है. आने वाले दिनों में नामांकन और चुनाव प्रचार के साथ चुनावी माहौल और गर्म होने की उम्मीद है.
पीयूष मिश्रा / ऐश्वर्या पालीवाल