बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे अश्लील डांस और अनैतिक कार्यों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर पुलिस और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन, पटना तथा नारायणी सेवा संस्थान (NGO) गोपालगंज की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस अवैध गतिविधि का भंडाफोड़ किया.
इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग राज्यों से लाई गई 10 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया. ये लड़कियां पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के सिवान व जहानाबाद जिलों की रहने वाली हैं. पुलिस ने मौके से दो महिला संचालकों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली, रेवतीथ बाजार और लक्ष्मी बाजार में संचालित ऑर्केस्ट्रा के आवासीय परिसरों में छापेमारी कर इन लड़कियों को मुक्त कराया गया.
यह भी पढ़ें: महज एक सप्ताह में ही टूट गई हैंडल, फट गया टायर, गोपालगंज के सोनी को दी गई ट्राइसाइकिल का वीडियो वायरल
नाबालिगों को भेजा गया बाल सुधार गृह
पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई सभी नाबालिग लड़कियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जहां उनकी देखभाल और काउंसलिंग की जाएगी. मामले में शामिल फरार ऑर्केस्ट्रा संचालकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि रेवतीथ बाजार और लक्ष्मीगंज बाजार में नाबालिग लड़कियों से डांस कराने वाले ऑर्केस्ट्रा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इस मामले में तीन संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी से मचा हड़कंप, जांच जारी
पुलिस और एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. ऑर्केस्ट्रा संचालकों के बीच दहशत का माहौल है और कई संचालक फरार बताए जा रहे हैं.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
विकाश कुमार दुबे