बिहार के गोपालगंज में कानून व्यवस्था को ताक पर रख प्रशासन लिखी स्कॉर्पियो से निकल फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सारण के अखिलपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार व सिविल कोर्ट के पेशकार पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. वही अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है. इसकी पुष्टि सदर एसडीपीओ प्रांजल ने की है.
वर्चस्व में फायरिंग करने का आरोप
बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित ब्रह्मस्थान के समीप शुक्रवार देर शाम प्रशासन लिखी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से कुछ लोग उतरे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली दुकान से सामान खरीद रहे युवक बलिराम दुबे के सिर के ऊपर से निकल गई. जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी में सवार लोग शराब के नशे में थे. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है. वही युवक बलिराम दुबे ने इसको लेकर नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.
पुलिस ने सब इंस्पेक्टर सहित दो को किया गिरफ्तार
फायरिंग की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ प्रांजल, नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर ने पहुंच पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने खोखा बरामद किया है. जांच के बाद पुलिस ने प्रशासन लिखे वाहन को जब्त करते हुए सारण के अखिलपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार और सिविल कोर्ट के पेशकार पंकज कपूर को गिरफ्तार कर लिया.
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में किया गया पेश
फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार और सिविल कोर्ट के पेशकार पंकज कुमार का सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद कोर्ट में पेश किया गया.
पूरे मामले में पुलिस ने कही ये बात
इस संबंध में सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि देर शाम नगर थाना क्षेत्र के बंजारी चौक के समीप वाहन से कुछ व्यक्ति निकले और फायरिंग की, इस घटना की सूचना मिलते ही जांच प्रारंभ किया गया और फायरिंग करने वाले लोगों की पहचान की गई. दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक सब इंस्पेक्टर आशीष कुमार है जो अखिलपुर थाना छपरा में पोस्टेड है और एक पंकज कुमार है जो सीविल कोर्ट गोपालगंज में कार्यरत हैं. दोनों को न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है.
विकाश कुमार दुबे