देश भर के हजारों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की 23वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है. किसान योजना की अगली किस्त के पैसे जल्द ही खातों में आ सकते हैं. हाल ही में 4 मई को आधिकारिक X अकाउंट @pmkisanofficial पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी गई कि अब तक इस योजना के तहत कितने किसानों को लाभ दिया गया है और कितनी राशि ट्रांसफर की गई है.
PM KISAN के तहत अब तक 22 किस्तों में किसानों को ₹4.28 लाख करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में दी गई है. इस योजना का लाभ 2.17 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों तक भी पहुंचा है. अब तक महिला लाभार्थियों को ही ₹1.10 लाख करोड़ से अधिक की राशि दी जा चुकी है.
जून-जुलाई में आ सकती है 23वीं किस्त
किसानों को हर साल 3 किस्तों में 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को योजना की 22वीं किस्त असम के गुवाहाटी से जारी की थी, जिसके बाद अब अगली किस्त को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस हिसाब से 23वीं किस्त जून या जुलाई 2026 के महीने में जारी की जा सकता है. हालांकि, सरकार ने अगली किस्त को लेकर अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है लेकिन किसान लाभार्थी सूची यानी बेनिफिशियरी लिस्ट में अपना नाम और स्टेटस चेक कर सकते हैं.
Beneficiary लिस्ट में कैसे चेक करें नाम?
सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं. जहां आपको ‘Farmers Corner’ सेक्शन में ‘Beneficiary Status’ विकल्प पर क्लिक करना है. इसके बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर समेत मांगी गई सभी जानकारी भरने के बाद “Get Report” पर क्लिक करके बेनिफिशियरी लिस्ट में अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं.
वहीं, अगर किसी किसान को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं पता है तो ‘Know Your Registration Number’ ऑप्शन पर क्लिक करके आधार या लिंक मोबाइल नंबर की मदद से इसे जान सकते हैं. फिर कैप्चा कोड और OTP डालकर चेक कर सकते हैं कि बेनिफिशयरी लिस्ट में नाम है या नहीं.
पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त का लाभ सिर्फ उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर सही और अपडेटेड है. जिसमें e-KYC, बैंक डिटेल्स एवं जमीन के कागज अपडेट होना शामिल है.
नए किसानों के लिए फॉर्मर आईडी जरूरी
नए किसान जो पीएम किसान योजना के तहत खुद को रजिस्टर करना चाहते हैं, उनके लिए फॉर्मर आईडी जरूरी है. बिना फॉर्मर आईडी के नए किसान PM Kisan Yojana के तहत रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकते. फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसान को अपने राज्य के AgriStack Portal पर जाना होगा. वहां Create New User के ऑप्शन पर क्लिक करके आधार नंबर डालना होगा और KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
किसानों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी फर्जी वेबसाइट या कॉल के झांसे में न आएं. सरकारी पोर्टल पर अगली किस्त को लेकर आधिकारिक जानकारी दी जाएगी.
आजतक एग्रीकल्चर डेस्क