अमेरिका के साउथ कैरोलिना राज्य के ऑरेंजबर्ग में स्थित साउथ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी में गुरुवार रात एक दर्दनाक गोलीबारी की घटना हुई. यह यूनिवर्सिटी एक ऐतिहासिक रूप से ब्लैक समुदाय के लिए स्थापित कॉलेज के रूप में जाना जाता है. घटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टल परिसर ह्यूजीन सूट्स में हुई, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थानीय समयानुसार रात लगभग 9:15 बजे गोलीबारी की सूचना मिली. गोलियों की आवाज सुनते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा कारणों से पूरे कैंपस को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी आधिकारिक फेसबुक पेज पर बयान जारी कर बताया कि दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि एक घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.
ऑरेंजबर्ग पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण थे. अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस और प्रशासन ने कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और छात्रों को अभी अपने कमरों में रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: 'अगर सही कीमत पर मिली तो अमेरिका से LNG खरीद सकता है भारत', पेट्रोनेट CEO का ऐलान
यह घटना एक बार फिर एजुकेशनल इंस्टीटूशन्स में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाती है. हॉस्टल में हुई इस गोलीबारी ने समुदाय में चिंता डाल दिया है. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों, उनके परिवारों और समुदाय को भरोसा दिलाया है कि पूरी घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
जांच पूरी होने के बाद ही इस दुखद घटना के पीछे की असल वजहें सामने आ सकेंगी. फिलहाल, सभी की निगाहें इस मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच पर टिकी हुई हैं.