नॉर्थ कोरिया ने अपनी नौसेना की ताकत दिखाते हुए 5000 टन के नेवल डिस्ट्रॉयर से स्ट्रेटेजिक क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया है. इस लॉन्च की निगरानी खुद देश के नेता किम जोंग उन ने की है. ये मिसाइलें करीब तीन घंटे तक उड़ान भरने के बाद अपने लक्ष्य तक पहुंचीं.
जानकारी के मुताबिक, किम जोंग उन ने नए विध्वंसक युद्धपोत से की गई इस मिसाइल लॉन्चिंग प्रक्रिया को करीब से देखा. यह परीक्षण देश की नौसैनिक क्षमताओं को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है. ये मिसाइल टेस्ट मंगलवार 10 मार्च को किया गया है.
कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) के मुताबिक, मिसाइलें चो ह्योन-क्लास डिस्ट्रॉयर से दागी गईं. इस दौरान मिसाइलों ने समुद्र के ऊपर तय उड़ान मार्ग का पालन किया. इसके बाद वे अपने निर्धारित द्वीपीय लक्ष्य की ओर बढ़ीं. लक्ष्य तक पहुंचने के लिए तीन घंटे का समय लिया.
सरकारी टेलीविजन पर इस टेस्ट का फुटेज भी दिखाया गया. वीडियो में किम जोंग उन एक कमांड सेंटर से मिसाइल लॉन्च को देख रहे थे. इस दौरान उनकी बेटी भी उनके साथ मौजूद थी. यह भी दिखाई दिया कि कमीशनिंग से पहले नए युद्धपोत से एक के बाद एक कई मिसाइलें दागी गईं.
लॉन्च प्रक्रिया को वीडियो लिंक के जरिए कमांड सेंटर में मॉनिटर किया गया. इस परीक्षण को नॉर्थ कोरिया के नौसैनिक सैन्य कार्यक्रम के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह नया डिस्ट्रॉयर भविष्य में देश की समुद्री सैन्य क्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने वाला है.