एडमिरल मोहम्मद जकाउल्ला पाकिस्तानी नौसेना के नए प्रमुख बने हैं. जकाउल्ला ने मंगलवार को एक समारोह में नेवी चीफ का कार्यभार ग्रहण किया.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, एडमिरल आसिफ संदीला ने नौसेना मुख्यालय में एक समारोह में एडमिरल जकाउल्ला को नौसेना की कमान सौंपी. एडमिरल संदील ने एडमिरल जकाउल्ला को सफलता की शुभकामनाएं दीं.
राष्ट्रपति मामून हुसैन ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की सिफारिश पर 2 अक्टूबर को एडमिरल जकाउल्ला को पाकिस्तान के नए नौसेना प्रमुख के रूप में नियुक्त किया था.
1975 में पाकिस्तानी नौसेना ज्वाइन करने वाले जकाउल्लाह उन तीन शीर्ष अधिकारियों में से थे, जिन्हें नेवी चीफ का पद दिया जाना था. अंतिम समय में नवाज शरीफ ने राष्ट्रपति ममनून हुसैन को जकाउल्ला को नियुक्त करने की सलाह दी. वे तीन साल तक इस पर रहेंगे.
कौन हैं जकीउल्ला?
अनुभवी नाविक जकीउल्ला एशियाई खेलों में दो बार गोल्ड मेडल जीत चुके हैं. उन्होंने 1984 में ओलंपिक, 1986 और 1990 के एशियन गेम्स में पाकिस्तानी सेलिंग टीम का प्रतिनिधित्व किया था. इसके अलावा उन्होंने इंटरनेशनल सेलिंग चैंपियनशिप सहित कई अवॉर्ड जीते हैं.
जकीउल्ला ब्रिटेन के रॉयल नेवल स्टाफ कॉलेज और इस्लामाबाद के नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं. उन्होंने लंदन यूनिवर्सिटी से डिफेंस स्टडीज में मास्टर डिग्री हासिल की है. उन्होंने कायदे अजाम यूनिवर्सिटी से वॉर स्टडीज में एमएससी की डिग्री हासिल की. जकीउल्ला अपने बेहतर काम के लिए सेना के हिलाले इम्तियात, सितार-ए-इम्तियाज, तमगा-ए-इम्तियाज और राष्ट्रपति मेडल हासिल कर चुके हैं.