प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई.
TMC का आरोप है कि BJP कार्यकर्ताओं ने बंगाल की मंत्री डॉ. शशि पांजा के गिरीश पार्क इलाके स्थित कार्यालय पर पथराव किया, जिसमें कई TMC कार्यकर्ता घायल हो गए. हालात को काबू में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
वहीं BJP दावा कर रही है कि TMC कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की रैली में जा रहे उनके वाहनों पर पत्थर फेंके, जिसमें कई BJP कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं.
इस घटना में BJP के नॉर्थ कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघ्नाय घोष भी घायल बताए जा रहे हैं.
डॉ. शशि पांजा ने कहा कि BJP के लोगों ने उनके आवास पर हमला किया. उनका आरोप है कि बाहरी लोगों ने उनके घर को निशाना बनाया और BJP समर्थकों को ले जा रही बसों में पत्थर भरे हुए थे.