उत्तराखंड के नैनीताल से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां भवाली में गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. इसमें लखनऊ के एक ही परिवार के 4 लोगों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार महिंद्रा कार अचानक बेकाबू होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए.
बेकाबू कार खाई में गिरते हुए नीचे एक पेड़ से टकरा गई और वहीं जाकर अटक गई. खाई इतनी गहरी थी कि राहत और बचाव कार्य में जुटी रेस्क्यू टीम के पसीने छूट गए. टीम को रस्सियों के सहारे नीचे उतरना पड़ा. इसके बाद काफी मशक्कत करते हुए सभी शवों को रस्सियों से बांधकर ऊपर खींचकर निकाला गया.
नैनीताल हादसे में लखनऊ के 4 लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोग एक ही परिवार के थे. मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), बेटा वासु चुफाल और बेटी रवी चुफाल के रूप में हुई है. इसके अलावा कार चला रहे ड्राइवर अनुज कुमार मिश्रा (34) की भी मौके पर ही मौत हो गई. यह परिवार मूल रूप से ऊधम सिंह नगर के खटीमा का रहने वाला था, लेकिन लंबे समय से लखनऊ में रह रहा था.
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया और लिखा कि नैनीताल जिले में हुई इस दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
लखनऊ में मातम
हादसे की खबर जैसे ही लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित जेबी कैसल अपार्टमेंट पहुंची, वहां मातम पसर गया. पड़ोसियों ने बताया कि भूपेंद्र सिंह चुफाल करीब डेढ़ साल पहले अपनी फैमिली के साथ यहां शिफ्ट हुए थे. वे अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया की एक मेडिकल कंपनी में बतौर चीफ मैनेजर कार्यरत थे. वह अक्सर अपने परिवार के साथ यहां किराए के फ्लैट में रहने आते थे.
पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार का स्वभाव बहुत ही मिलनसार था, जब भी वे लखनऊ आते थे, सबसे बेहद प्यार से मिलते थे. इस अचानक आई मनहूस खबर के बाद से पूरे अपार्टमेंट में सन्नाटा है और हर आंख नम है.