राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र से हत्या की वारदात सामने आई है. यहां बेटी की लव मैरिज से नाराज पिता ने अपने दामाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी. दामाद किसी काम से ससुराल आया था, जहां उसका ससुर और सालियों से विवाद हो गया. यह विवाद इतना बढ़ा कि ससुराल पक्ष ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान प्रतापगढ़ के रहने वाले 30 वर्षीय विष्णु यादव के रूप में हुई है. विष्णु ने करीब चार साल पहले लखनऊ की साक्षी से प्रेम विवाह किया था. साक्षी के परिवार के लोग इस शादी से सहमत नहीं थे. उनमें नाराजगी थी और दोनों के बीच रंजिश चल रही थी.
मंगलवार की देर रात विष्णु जब आशियाना इलाके में स्थित ससुराल पहुंचा तो किसी बात को लेकर उसकी ससुराल पक्ष के लोगों के साथ कहासुनी हो गई. आरोप है कि इस दौरान ससुरालियों ने लकड़ी की चारपाई के पाये से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: लव मैरिज के बाद पति घूम रहा था पैदल, तभी पत्नी को प्रेमी के साथ बाइक पर जाते देखा, पीछा कर पहुंच गया कमरे तक
इस वारदात के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. साथ ही फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच करने पहुंची. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद का है.
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के अनुसार, 17 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे डायल 112 के जरिए हत्या की सूचना मिली थी. सूचना पर आशियाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जांच की गई तो सामने आया कि साक्षी नाम की लड़की ने करीब चार साल पहले विष्णु यादव से अपनी मर्जी से शादी की थी. फिलहाल पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.