उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इमारत ढहाने के वक्त बड़ा हादसा हो गया था. हजरतगंज में याजदान बिल्डर की अलाया अपार्टमेंट में एक इमारत को ढहाने की प्रक्रिया को किया जा रहा था, लेकिन तभी बिल्डिंग का एक हिस्सा नीचे गिर गया और मलबे में कई गाड़ियां दबीं. अब लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाकों को सील कर दिया है और मौके पर डेंजर के बैनर भी लगा दिए गए हैं.
वहीं पहले जिस इमारत को मशीन के जरिए ढहाया जा रहा था, अब उसे मैनुअली ही गिराया जा रहा है. लोगों को भी सलाह दी गई है कि तोड़फोड़ का काम चलने तक बिल्डिंग के पास वाले रास्ते के बजाए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना है. कोई और बड़ा हादसा ना हो जाए, इसलिए प्रशासन ने मौके पर पीएसी बल भी तैनात कर दिया है. इस हादसे की बात करें तो लखनऊ विकास प्राधिकरण (Lucknow Development Authority) की टीम इमारत को गिरा रही थी, उसी दौरान अचानक बिल्डिंग का बड़ा हिस्सा गिर गया. इससे आसपास के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं. इसके अलावा रास्ते में खड़ी गाड़ियां भी टूट गई.
इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे लखनऊ विकास प्राधिकरण के VC ने कहा था कि मामले की जांच करवाई जाएगी. अब आगे से पूरी इमारत मैनुअली तोड़ी जाएगी. ध्वस्तीकरण मशीन से नहीं होगा. बताया जा रहा है कि इस इमारत को गिराने का ठेका 42 लाख रुपए में मुंबई की कंपनी को दिया गया था.