कासगंज जिले में एक बेहद दुखद स्कूल बस हादसा सामने आया है, जिसमें यूकेजी की छात्रा अनन्या की मौत हो गई. घटना गंगीरी-कासगंज रोड स्थित ढोलना इलाके की है. बताया गया कि चलती स्कूल बस का फर्श अचानक टूट गया, जिस पर बच्चे बैठे थे. बस की जर्जर हालत के कारण यह हादसा हुआ.
हादसे के समय अनन्या अपने 10 वर्षीय भाई के साथ स्कूल से लौट रही थी. फर्श टूटने से वह सीधे बस के नीचे गिर गई और पिछले पहिये की चपेट में आ गई. गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का हंगामा, सड़क जाम
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया. स्वजनों ने अलीगढ़-कासगंज मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लोगों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए और कड़ी कार्रवाई की मांग की.
जानकारी के अनुसार, बस में सामान्य क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे. साथ ही यह भी सामने आया कि बस फिटनेस सर्टिफिकेट या सुरक्षित स्थिति में नहीं थी. इस लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है.
पुलिस का बयान और कार्रवाई
डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि ढोलना थाना क्षेत्र में स्कूल बस में सवार एक बच्ची गिरकर पहिये के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. उन्होंने कहा कि बस के अंदर पहिये के ऊपर लगा टीन खुल गया था, जिसके कारण बच्ची नीचे गिर गई.
मामला ढोलना थाने में दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है.