scorecardresearch
 

'शादी करो, अपने साथ रखो...',जिद करती थी प्रेमिका, घर में घुसकर प्रेमी ने काट डाला कुल्हाड़ी से

झांसी के टोड़ीफतेहपुर इलाके में हुए चर्चित महिला हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. शुरुआती जांच में रहस्य बना यह मामला अब प्रेम संबंध, शादी के दबाव और विवाद से जुड़ा सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है. इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा और हैरानी का माहौल बना हुआ है.

Advertisement
X
घर में घुसकर प्रेमी ने कुल्हाड़ी से काट डाला प्रेमिका को (Photo: itg)
घर में घुसकर प्रेमी ने कुल्हाड़ी से काट डाला प्रेमिका को (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश में झांसी के टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित महिला हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. प्रेम प्रसंग, शादी का दबाव और फिर गुस्से में किए गए खूनी हमले की इस पूरी वारदात ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

धारदार हथियार से कई गहरे वार

जानकारी के अनुसार मामला झांसी के टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाई का है, जहां बीती 22 मई को 35 वर्षीय रजनी अहिरवार पत्नी भूपत अहिरवार का शव घर में लहूलुहान हालत में मिला था. महिला के सिर और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे. घर के अंदर हुए इस निर्मम हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलते ही टोड़ीफतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.

बाद में पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर गांव के ही रहने वाले रक्षपाल बघेल पुत्र श्यामसिंह पर शक जताया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली.

Advertisement

8 महीनों का प्यार और खूनी खेल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका रजनी के साथ पिछले करीब आठ महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच लगातार बातचीत और मुलाकातें होती थीं. लेकिन पिछले कुछ समय से रजनी उस पर 'शादी करने और अपने साथ रखने का दबाव बना रही थी. आरोपी के अनुसार, वह इसके लिए तैयार नहीं था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था.

हत्या वाली रात भी रजनी ने उसे अपने घर बुलाया था. वहां दोनों के बीच शादी और साथ रहने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया. गुस्से में उसने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और रजनी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोटों के चलते महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.

मुखबिर की सूचना से पकड़ा गया हत्यारा

हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शनिवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. इस पूरे हत्याकांड का खुलासा होने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. एक प्रेम संबंध का इस तरह खूनी अंत हो जाना लोगों को स्तब्ध कर रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement