scorecardresearch
 

यूपी: बड़े भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला, गड्ढा खोदकर दफनाई लाश, फिर 9 दिन तक खोजने का नाटक करता रहा

Jhansi Brother Murder Case: झांसी में मसारिक बेग ने जायदाद के लिए अपने बड़े भाई तारिक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. आरोपी ने शव घर के पीछे दफनाया और खुद थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और मामा के संदेह पर सख्ती की, तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव बरामद कर लिया गया है.

Advertisement
X
घर के पीछे गड्ढे से बरामद हुआ शव (Photo- ITG)
घर के पीछे गड्ढे से बरामद हुआ शव (Photo- ITG)

यूपी के झांसी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा खड़इया मोहल्ले में एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और शव को घर के पीछे जमीन में दफना दिया.  हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने अपराध छिपाने के लिए खुद ही थाने जाकर बड़े भाई की गुमशुदगी दर्ज करा दी. पुलिस की सूझबूझ और रिश्तेदार द्वारा जताए गए संदेह के बाद पूरा मामला उजागर हो गया. 

पुलिस ने मौके पर खुदाई कर शव बरामद किया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है. आगे की कार्यवाही जारी है. आइये जानते हैं पूरा मामला... 

जायदाद का विवाद बनी कत्ल की वजह 

आपको बता दें कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा खड़इया मोहल्ला निवासी 38 वर्षीय तारिक बेग अविवाहित था. उसने बीबीए की पढ़ाई की थी. उसके छोटे भाई मसारिक बेग की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी. पिता का देहांत हो चुका है, जबकि मां इन दिनों अपने मायके में रह रही थीं. घर में दोनों भाई ही रहते थे.

परिजनों के अनुसार, तारिक के अविवाहित होने के कारण उसके हिस्से की संपत्ति पर मसारिक की नजर थी. 15 फरवरी को मसारिक बेग ने प्रेमनगर थाने में सूचना दी कि उसका बड़ा भाई 9-10 फरवरी की रात से लापता है. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की.

Advertisement

मोबाइल लोकेशन खंगालने पर पता चला कि तारिक का फोन उसी रात घर पर ही बंद हुआ था. इसी बीच मृतक के मामा मोहम्मद सलीम ने पुलिस को संपत्ति विवाद की जानकारी देते हुए छोटे भाई पर हत्या का शक जताया.

पूछताछ में टूटा आरोपी, खुला खौफनाक राज

पुलिस ने मसारिक बेग को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरू में वह गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी ने बताया कि वह बड़े भाई के हिस्से की जायदाद पर कब्जा करना चाहता था. यदि तारिक नहीं रहता तो पूरी संपत्ति का अकेला वारिस वही बनता.

उसने स्वीकार किया कि 9-10 फरवरी की रात सोते समय कुल्हाड़ी से तारिक के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद घर के पीछे खाली जमीन में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया. पुलिस ने मौके पर खुदाई कर शव बरामद कर लिया.

झगड़े के बाद गुस्से में किया वार

आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों भाइयों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी. मसारिक का कहना है कि तारिक पहले चाकू लेकर आया, जिसके बाद उसने गुस्से में कुल्हाड़ी उठाकर वार कर दिया. हत्या के बाद उसने गैंती-फावड़े से गड्ढा खोदकर शव घर में ही गाड़ दिया. वारदात के समय घर में केवल दोनों भाई मौजूद थे. मां और पत्नी घर पर नहीं थीं.

Advertisement

आरोपी करीब आठ-नौ दिन तक उसी घर में रहा जहां शव दफनाया गया था. इस दौरान वह परिजनों को गुमराह करता रहा और खुद थाने जाकर भाई की गुमशुदगी भी दर्ज करा दी.

पुलिस का बयान 

एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, शक होने पर की गई पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव बरामद कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. मौके पर शांति व्यवस्था कायम है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement