उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली लेजर पार्क सोसाइटी में शनिवार देर रात मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. हार्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दबंगों ने कार सवार युवक-युवतियों पर बेसबॉल बैट और हॉकी डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में एक युवक के सिर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
पीड़ित आयुष सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों वेदांत, आयुष, श्वेता और निशा के साथ रात करीब एक बजे डिनर के लिए सोसाइटी से बाहर जा रहे थे. गेट के पास एक कार बीच रास्ते में खड़ी थी. रास्ता खाली कराने के लिए हार्न बजाने पर कार सवार अनिश और शाहरुख ने आपत्ति जताई. आरोप है कि दोनों ने उनकी कार का पीछा किया और सोसाइटी से बाहर निकलते ही रोक लिया.
कुछ ही देर में फिरोज नामक व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया. तीनों के हाथों में बेसबॉल बैट और हॉकी डंडे थे. हमलावरों ने पीड़ितों की क्रेटा कार के शीशे और बॉडी पर ताबड़तोड़ वार किए. विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई. हमले में वेदांत गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया.
साथियों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी और घायल को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के यथार्थ अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के मणिपाल अस्पताल रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार वेदांत के सिर में स्कल फ्रैक्चर है, हालांकि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
बिसरख कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद निवासी शाहरुख और अमरोहा निवासी 21 वर्षीय अजीम को चार मूर्ति से एटीएस की ओर जाने वाली सड़क के पास से गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त वर्ना कार, बेसबॉल बैट और डंडा बरामद किया गया है.
पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं-110, 115(2), 352, 351(3) और 324(4)- के तहत मुकदमा दर्ज किया है. कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
घटना के बाद कुछ संगठनों ने विरोध जताया है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.