देशभर में ईद उ अजहा यानी बकरीद का त्योहार 29 जून को मनाया जाएगा. इस दिन अल्लाह की रजा के लिए कुर्बानी दी जाती है. तकरीबन हर राज्य में बकरा मंडी में जानवरों को सजा दिया गया है. कुर्बानी के लिए उस जानवर बेहद खास माना जाता है, जिसके शरीर पर अल्लाह, मोहम्मद या मुस्लिम धर्म से जुड़ा कोई नाम या संकेत का चिन्ह बना हो. ऐसे जानवर के लिए बड़ी से बड़ी कीमत अदा की जाती है.
वाराणसी के बेनिया बाग बकरा मंडी में बकरीद के मौके पर आए एक खास बकरे की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है. बकरे के मालिक का कहना है कि इस बकरे को कुदरत का नायाब तोहफा मिला है. जिसकी वजह से बकरे को देखने के लिए वाराणसी और उसके आसपास के जनपदों से पहुंच रहे हैं.
बकरे के शरीर पर लिखा अल्लाह और मोहम्मद
बरबरा नस्ल के इस बकरे की खास बात यह है कि इसकी पीठ की एक तरफ मोहम्मद और दूसरी तरफ अल्लाह लिखा है. इस बकरे की डिमांड बकरा मंडी में सबसे ज्यादा है. बकरे का मालिक हिंदू है और आजमगढ़ का रहने वाला है. उसने अपने इस खास बकरे की कीमत 6 लाख रुपये रखी है. साथ ही उसने कहा कि अगर कोई इस बकरे को पालने के लिए खरीदे को तो वह इसे तीन लाख रुपये में बेचेगा.
बकरे की कीमत लग चुकी है 4 लाख रुपये
बकरे के मालिक पी कुमार का कहना है कि अबतक उनके बकरे की कीमत 4 लाख रुपये लग चुकी है. लेकिन वह उसे कुर्बानी के लिए 6 लाख रुपये से कम का नहीं बेचेंगा. अगर कोई इस बकरे को पालना चाहता तो वो उसे सिर्फ 3 लाख रुपये में दे देंगे.
मुस्लिम समाज के लोग बकरा मालिक की सराहना कर रहे है. वाराणसी के बकरा मंडी में मोहम्मद अल्लाह लिखे इस खास बकरे के साथ फोटो खींचने के लिए मंडी में आने वाले नवयुवकों की भीड़ लगी हुई है. बकरा मंडी में इस बकरे को देखने के लिए दूर- दूर से लोग आ रहे हैं.