scorecardresearch
 

बहू ने रोटी में जहर देकर सास को मारा, भांजे के साथ भागने के लिए 10 दिन पहले भी पिलाई थी जहरीली चाय

लखनऊ के काकोरी के इब्राहिमगंज गांव में बहू ने अपने भांजे के साथ मिलकर सास की जहर देकर हत्या कर दी. पहले चाय में जहर देने की कोशिश नाकाम रही, फिर रोटी में जहर मिलाकर वारदात को अंजाम दिया गया. फिलहाल पुलिस ने बहू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी भांजा अभी भी फरार है.

Advertisement
X
बहू, जिसने रोटी में जहर देकर सास को मार डाला. (File Photo: Ankit Mishra/ITG)
बहू, जिसने रोटी में जहर देकर सास को मार डाला. (File Photo: Ankit Mishra/ITG)

लखनऊ के काकोरी क्षेत्र से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने इंसानियत और रिश्तों पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया है. यहां के इब्राहिमगंज गांव में घटी इस वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. जहां एक बहू ने अपने ही भांजे के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या की साजिश रच डाली. यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि विश्वास, रिश्तों और परिवारिक मूल्यों के टूटने की दर्दनाक कहानी बन गई है.

मृतका शांति देवी, जो अपने परिवार की आधार स्तंभ थीं. शायद यह सोच भी नहीं सकती थीं कि जिस घर को उन्होंने जीवन भर संभाला, वहीं उनकी जिंदगी इस तरह खत्म कर दी जाएगी. बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल को उन्होंने खाना खाने के बाद अपने बेटे से कहा था कि रोटी का स्वाद कड़वा लग रहा है. क्योंकि एक रोटी खाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी और उल्टियां शुरू  हो गई थी. 

परिवार ने सामान्य मौत मानकर कर दिया था अंतिम संस्कार
देखते ही देखते उनकी हालत गंभीर होती चली गई. जिसके बाद परिवार उन्हें डॉक्टर के पास ले गया. लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. शुरुआत में परिवार ने इसे सामान्य मौत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया. लेकिन समय के साथ शक की परतें खुलने लगीं. क्योंकि घर में रोटी को लेकर चर्चा हुई, तो बहू शालिनी के बयान बार-बार बदलने लगे.

Advertisement

इसी बीच घर में पन्नी में लिपटी संदिग्ध रोटी मिलने से मामला और गहरा गया. ऐसे में परिवार और गांव वालों ने पंचायत बुलाई, जहां एक रिश्तेदार ने खुलासा किया कि शालिनी ने पहले भी कीटनाशक मंगवाया था. जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो सच्चाई सामने आ गई. शालिनी ने कबूल किया कि उसने 10 दिन पहले भी चाय में जहर मिलाकर सास को मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह कोशिश नाकाम रही क्योंकि शांति देवी ने चाय नहीं पी. इसके बाद उसने दूसरी बार रोटी में जहर मिलाकर उन्हें खिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.

भाजें से रिश्ते का विरोध करती थी सास
इस साजिश में उसका भांजा करण भी शामिल था. जांच में सामने आया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे, जिनका शांति देवी ने विरोध किया था. यही विरोध उनकी मौत का कारण बन गया. जिस रिश्ते को समाज में सबसे पवित्र माना जाता है, वही रिश्ता इस घटना में कलंकित हो गया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

मानले में बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार भांजे की तलाश जारी है. यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज के लिए एक चेतावनी है कि जब रिश्तों में विश्वास खत्म हो जाता है, तो परिणाम कितना भयावह हो सकता है. एक मां, एक सास और एक बुजुर्ग महिला की इस तरह मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement