सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. जिसमें एक शख्स धोती पहनता नजर आ रहा है. वो बताता है कि ये धोती उसे तिरुपति से भेजी गई है. इससे पता चलता है कि सोशल मीडिया ने लोगों के बीच की दूरी कम कर दी है. अब वो अलग अलग देश की संस्कृति को अपनाने लगे हैं. वहीं दक्षिण कोरिया के इस इन्फ्लुएंसर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें वो धोती पहनता नजर आता है. उसके इस वीडियो ने लोगों का दिल जीत लिया है.
बाइ यून सू नामक इस इन्फ्लुएंसर को अपने अनोखे वीडियो के लिए जाना जाता है. इस वीडियो में वो साउथ इंडियन पोषाक पहनते दिखते हैं. यून सू सफेद रंग की धोती पहनते हैं. जिसका गोल्डन बॉर्डर है. इसके साथ वो एक सिंपल कुर्ता पहनते हैं. इसके बाद वो कंधे पर दुपट्टा रखते हैं. साउथ इंडिया में पुरुष ऐसी ड्रेस त्योहार या किसी खास मौके पर ही पहनते हैं.
पोस्ट के कैप्शन में यून सू ने लिखा है, 'भारत में बहुत सारी पारंपरिक पोषाक हैं और सभी बहुत सुंदर हैं! इसीलिए मुझे भारतीय पारंपरिक फैशन पसंद है और मैं इसे सीखने की कोशिश कर रहा हूं. मेरे सबसे अच्छे दोस्त के माता-पिता ने मुझे तिरुपति से ये खूबसूरत दक्षिण भारतीय पारंपरिक पोशाक (धोती और दुपट्टा/पंचकट्टू) भेजा है. मैं उनका बहुत आभारी हूं! मुझे भगवान बालाजी का दिव्य आशीर्वाद मिला है.'
इस वीडियो को अभी तक 1.9 मिलियन से अधिक लोगों ने देख लिया है. लोग इस पर खूब प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'मैं तुम्हें आधार दफ्तर ले जा रही हूं. तुम अब से भारतीय हो.' एक अन्य यूजर ने कहा, 'भारतीय लड़कों को धोती पहनना नहीं आता, वहीं इसे देखो.' वहीं तीसरे यूजर का कहना है, 'मैं तेलुगु और साउथ इंडियन हूं. देख रहा हूं कि मेरी संस्कृति तुम्हारे देश तक पहुंच गई है. ये काफी खूबसूरत लगता है.'