लुधियाना के एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. हरनव सिंह ने अपने माता-पिता को गूगल में नौकरी मिलने की खुशखबरी जिस अंदाज में दी, वह इंटरनेट पर वायरल हो गया.
हरनव सिंह, जो फिलहाल गूगल में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं. यह खास पल अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. वीडियो में उनके माता-पिता सोफे पर बैठे नजर आते हैं, तभी हरनव मुस्कुराते हुए उनके बीच जाकर बैठते हैं और कहते हैं कि मेरे पास आपके लिए दो अच्छी खबरें हैं.
सबसे पहले वह बताते हैं कि उन्हें नौकरी मिल गई है. यह सुनते ही उनके माता-पिता खुश हो जाते हैं और उन्हें बधाई देने लगते हैं. लेकिन हरनव इसके बाद कहते हैं कि एक और सरप्राइज बाकी है. वह अपने माता-पिता से पूछते हैं कि उन्हें अंदाजा लगाना होगा कि आखिर किस कंपनी में नौकरी मिली है.
इसके बाद जो हुआ, उसने इंटरनेट का दिल जीत लिया. हरनव की मां बिना एक सेकेंड गंवाए पहली ही कोशिश में गूगल बोल देती हैं. बेटे के हां कहते ही दोनों माता-पिता खुशी से उछल पड़ते हैं और उसे गले लगा लेते हैं. घर का माहौल मुस्कान, आशीर्वाद और खुशी से भर जाता है.
देखें वायरल वीडियो
वीडियो में हरनव के पिता की खुशी भी लोगों का ध्यान खींच रही है. कई यूजर्स ने कहा कि उनके चेहरे की चमक और बेटे को प्यार से थपकी देने वाला अंदाज बेहद भावुक कर देने वाला था.
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो को बेहद दिल छू लेने वाला बताया. कई यूजर्स ने लिखा कि मांओं को अपने बच्चों के बारे में एक अलग ही एहसास होता है, शायद इसलिए हरनव की मां ने तुरंत गूगल का नाम ले लिया.
कई लोगों ने हरनव को सलाह दी कि वह इस पल को हमेशा संभालकर रखें, क्योंकि माता-पिता की आंखों में अपने बच्चे की कामयाबी पर गर्व देखना जिंदगी के सबसे अनमोल पलों में से एक होता है.