इंसान जिंदगी में बहुत कुछ करना चाहता है. हर किसी के अपने सपने होते हैं. बचपन में क्रिकेट खेलते वक्त शायद ही कोई ऐसा लड़का होगा जिसने एक बार खुद को टीम इंडिया की जर्सी में खेलने की कल्पना न की हो. लेकिन वक्त, जिम्मेदारियां और जिंदगी की जरूरतें धीरे-धीरे इन सपनों को पीछे छोड़ देती हैं. फिर भी दिल के किसी कोने में वो प्यार हमेशा जिंदा रहता है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों को इसी एहसास से जोड़ रहा है. यह वीडियो एक Blinkit डिलीवरी एजेंट का है, जिसने कुछ सेकेंड के लिए अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी को भूलकर लोगों को इमोशनल कर दिया.
वीडियो में दिखता है कि डिलीवरी एजेंट एक घर पर ऑर्डर देने पहुंचता है. डिलीवरी पूरी करने के बाद जैसे ही वह वापस जाने लगता है, उसकी नजर दरवाजे के बाहर रखे क्रिकेट बैट पर पड़ती है. बैट देखते ही वह खुद को रोक नहीं पाता.
यह भी पढ़ें: जब रिटायर्ड टीचर ने गाया 'धुरंधर' का ये गाना, वीडियो बार-बार देखने लगे लोग
कुछ पल के लिए वह अपनी नौकरी, ट्रैफिक और दिनभर की थकान भूल जाता है. वह बैट उठाता है और बिल्कुल किसी प्रोफेशनल क्रिकेटर की तरह शॉट खेलने की प्रैक्टिस करने लगता है. उसके चेहरे की खुशी साफ बता रही थी कि क्रिकेट उसके लिए सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक अधूरा सपना है.
देखें वायरल वीडियो
'लोग क्रिकेट छोड़ देते हैं, लेकिन क्रिकेट उन्हें कभी नहीं छोड़ता'
आखिर में जाने से पहले वह बैट को हल्के से चूमता है और फिर उसे बहुत संभालकर उसी जगह वापस रख देता है. यही छोटा-सा पल सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत ले गया.वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे करोड़ों भारतीय लड़कों के अधूरे क्रिकेट सपनों से जोड़कर देखने लगे. एक यूजर ने लिखा कि जिम्मेदारियां जीत गईं, लेकिन सपने कहीं अंदर अभी भी जिंदा हैं.
दूसरे यूजर ने कहा कि लड़कों और क्रिकेट का रिश्ता कभी खत्म नहीं होता. कई बार लोग बिना गेंद के भी हवा में बॉलिंग एक्शन करने लगते हैं.एक अन्य यूजर ने लिखा कि आप इंसान को क्रिकेट से दूर कर सकते हैं, लेकिन क्रिकेट को इंसान के दिल से नहीं निकाल सकते.
कई लोगों ने कहा कि यह वीडियो उन्हें उनके बचपन की याद दिला गया, जब क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जिंदगी का सबसे बड़ा सपना हुआ करता था. वहीं कुछ लोग उस आखिरी पल से सबसे ज्यादा इमोशनल हो गए, जब डिलीवरी एजेंट ने बैट को चूमकर वापस रखा.सोशल मीडिया पर लोग अब यही कह रहे हैं कि लोग क्रिकेट छोड़ देते हैं, लेकिन क्रिकेट उन्हें कभी नहीं छोड़ता.