मांड्रेम (Mandrem) गोवा राज्य के उत्तरी गोवा जिले की पेरनेम तालुका में स्थित एक तटीय गांव है, जो एक पर्यटन स्थल के रूप में प्रसिद्ध है. यह राजधानी पणजी से 21 km दूर है. यहां दो मुख्य समुद्र तट हैं- जुनास और अश्वेम. इस गांव में 11 वार्ड हैं.
मांड्रेम समुद्र तट एक सफेद रेत वाला समुद्र तट है जहां का पानी एकदम साफ है. मांड्रेम का समुद्र तट, मोरजिम और आरामबोल नामक दो जुड़वां समुद्र तटों के बीच स्थित है. यह एक शांत और सुकून भरा समुद्र तट है. मांड्रेम समुद्र तट की सुंदरता विशेष रूप से 'हाई टाइड' (ज्वार) के समय देखने लायक होती है, जब समुद्र का पानी तेजी से मांड्रेम क्रीक या नदी में प्रवेश करता है. यह मांड्रेम क्रीक पानी की सतह के समानांतर बहती है. मांड्रेम में मछुआरों का एक छोटा समुदाय रहता है, और कभी-कभी यहाँ स्थानीय मछुआरों को समुद्र से अपना शिकार (मछलियां) निकालते हुए देखा जा सकता है. CRZ 2011 के तहत, इस समुद्र तट को कछुओं के अंडे देने (नेस्टिंग) के स्थल के रूप में अधिसूचित किया गया है.