टी20 वर्ल्डकप के दूसरे सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 74 रन से हरा दिया है.
इसके साथ ही वेस्टइंडीज ने अपने लिए फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका मुकाबला मेजबान श्रीलंका से होगा.
वेस्टइंडीज की ओर से रखे गए 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कंगारू टीम 16.4 ओवरों में 131 रन ही बना सकी.
फाइनल में वेस्टइंडीज का सामना मेजबान श्रीलंका से होगा, जिसने गुरुवार को 2009 के चैम्पियन पाकिस्तान को हराया था. फाइनल मुकाबला रविवार को प्रेमदासा स्टेडियम में ही खेला जाएगा.
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी शेन वॉटसन का नहीं चल पाना भारी पड़ा. वॉटसन सात रन के निजी योग पर सैमुएल बद्री की गेंद पर बोल्ड हुए. वॉटसन के आउट होने के साथ ही मानो ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें ध्वस्त हो गईं.
वेस्टइंडीज ने पहले तो क्रिस गेल के नेतृत्व में बल्लेबाजी का शानदार नजारा पेश किया और फिर गेंदबाजी के दौरान पहले ही ओवर से ऑस्ट्रेलियाई टीम पर हावी हो गया.
कंगारू बल्लेबाजों का 'तू चल मैं आया' को जो सिलसिला शुरु हुआ, उसमें काफी हद तक कप्तान जार्ज बैले (63) ही रोक लगा सके.
वेस्टइंडीज की धुआंधार बल्लेबाजी के आगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पनाह मांगते नजर आए.
पोलार्ड 15 गेंदों पर तीन चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए. पोलार्ड को स्पिनर जेवियर डोर्थी की गेंद पर डेविड वॉर्नर ने कैच किया. पोलार्ड ने गेल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े.
वेस्टइंडीज की ओर से क्रिस गेल ने तूफानी पारी खेलते हुए 41 गेंदों में 75 रन बनाए. उनकी बेहतरीन पारी में 5 चौके और 6 छक्के शामिल हैं.