टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को टी20 फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया. विराट अब सिर्फ वनडे और टेस्ट मैचों की कप्तानी करेंगे. हालांकि अगले महीने से यूएई में होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में विराट कप्तानी करेंगे और उसके बाद ही अपने पद से हटेंगे. माना जा रहा है कि इसके बाद टीम इंडिया की टी20 फॉर्मेट में रोहित शर्मा को कप्तानी की जिम्मेदारी दी जा सकती है. हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में भी दावा किया गया था कि विराट कोहली वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ने जा रहे हैं, लेकिन उस समय बीसीसीआई ने रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया था. टी20 वर्ल्ड कप 17 अक्टूबर से खेला जाएगा.
...तो क्या टी20 वर्ल्ड कप तक ही थी विराट की कप्तानी?
दरअसल, विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया ने टेस्ट फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है. साथ ही कई बड़ी वनडे सीरीज और टी-20 सीरीज पर भी कब्जा जमाया है, लेकिन आईसीसी की ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी पर फैसला हो सकता है. हालांकि विराट पर पिछले दिनों आई रिपोर्ट्स के बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा था कि जब तक टीम इंडिया अच्छा प्रदर्शन कर रही है, तब तक कप्तानी में बदलाव का सवाल ही नहीं पैदा होता है. उधर, राजीव शुक्ला ने रिपोर्ट्स को खारिज कर बयान दिया था कि यह सिर्फ अफवाह है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है. टीम के लिए अभी विश्व कप जरूरी है और उसी पर फोकस है.
रोहित शर्मा के लिए विराट ने खाली किया रास्ता!
आईपीएल में मुंबई इंडियंस को कई खिताब जितवाने वाले रोहित शर्मा को समय-समय पर कप्तानी दिए जाने की वकालत होती रही है. रोहित के फैन्स भी मांग करते आए हैं कि कुछ फॉर्मेट्स में विराट कोहली की जगह टीम इंडिया की कप्तानी रोहित शर्मा को दी जानी चाहिए. ऐसे में अब विराट ने खुद से ही टी20 की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर रोहित शर्मा के लिए रास्ता खाली कर दिया है. हालांकि टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज रोहित शर्मा को टी20 में कप्तान बनाए जाने का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि रोहित ही आगे टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के कप्तान होने जा रहे हैं.
विराट पर हमेशा भारी ही पड़े हैं रोहित शर्मा
जब भी विराट कोहली से कप्तानी लेकर किसी और खिलाड़ी को देने की बात आती है, तो उसमें सबसे ऊपर नाम रोहित शर्मा का ही आता है. इसके पीछे उनके वे तमाम रिकॉर्ड्स हैं, जो उन्होंने आईपीएल में अपने नाम किए हैं. मालूम हो कि आईपीएल में आरसीबी की कप्तानी विराट कोहली और मुंबई इंडियंस की कप्तानी रोहित शर्मा के हाथों में है, ऐसे में दोनों की एक-दूसरे से समय-समय पर तुलना होना स्वाभाविक है. रिकॉर्ड्स के मामले में विराट कोहली पर रोहित शर्मा हमेशा से ही भारी पड़े हैं. रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में पांच खिताब अपने नाम किए हैं. 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस को जीत मिली थी. वहीं, विराट कोहली ने आरसीबी को अब तक कोई भी आईपीएल ट्रॉफी नहीं जितवाई है.