क्रिकेट के मैदान पर गेंदबाजों की धुनाई करने वाले युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी अब एग्जाम की पिच पर बल्लेबाजी नहीं करेंगे. सोशल मीडिया पर सीबीएसई बोर्ड की 10वीं परीक्षा में उनके शामिल होने की खबरें खूब वायरल हुईं, लेकिन अब तस्वीर साफ होती दिख रही है- वैभव इस साल बोर्ड परीक्षा नहीं देंगे.
क्रिकेट की दुनिया में तेजी से चमक रहे इस अंडर-19 स्टार ने फिलहाल अपना पूरा फोकस खेल पर रखा है. ट्रेनिंग, कैंप और आईपीएल की तैयारियों के बीच परीक्षा देना मुश्किल था. 17 फरवरी से सीबीएसई 10वीं की परीक्षा शुरू हो रही है, लेकिन वैभव के एग्जाम सेंटर पहुंचने की संभावना लगभग खत्म मानी जा रही है.
80 गेंदों में 175 रन… गूंजती रही 'फाइनल पारी'
हाल ही में भारत अंडर-19 बनाम इंग्लैंड अंडर-19 मुकाबले में हरारे में वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली. इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद और भी सुर्खियों में छा गए. अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत के बाद से ही उन्हें भविष्य का स्टार बताया जा रहा है.
इसी बीच सोशल मीडिया पर यह चर्चा गर्म थी कि वैभव बोर्ड परीक्षा देंगे. उनके स्कूल से लेकर परीक्षा केंद्र तक की खबरें सामने आने लगीं. लेकिन अब परिवार ने साफ कर दिया है कि इस साल परीक्षा नहीं दी जाएगी.
पिता बोले- अभी पूरा फोकस क्रिकेट पर
'आजतक' से बातचीत में वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने स्पष्ट कहा, 'इस साल वैभव 10वीं की परीक्षा नहीं देगा. उसका पूरा ध्यान क्रिकेट पर है. अगले साल वह बोर्ड परीक्षा में शामिल होगा.' संजीव समस्तीपुर से नागपुर के लिए रवाना हो चुके हैं. वह अपने छोटे बेटे के साथ पटना से दिल्ली और वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर नागपुर जा रहे हैं, जहां वैभव ट्रेनिंग में व्यस्त हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा में शामिल होने को लेकर स्थानीय प्रशासन तक सक्रिय हो गया था और डीएसपी की ओर से कई थानों की पुलिस भेजी गई थी, लेकिन परिवार ने स्पष्ट कर दिया कि वैभव इस बार परीक्षा नहीं देगा.
बिहार आएंगे, सीएम करेंगे सम्मानित
वैभव 22 फरवरी को एक दिन के लिए बिहार आएंगे. पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उन्हें सम्मानित करेंगे. इसके बाद 23 फरवरी से उनका प्रैक्टिस मैच शुरू हो रहा है, जिसकी तैयारी में वह जुटे हैं.
IPL अवॉर्ड और मां के लिए खास तोहफा
2025 के आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ अवॉर्ड मिला था. इसके तहत उन्हें Tata Curvv EV कार देने की घोषणा हुई थी. खास बात यह है कि वैभव ने यह कार अपनी मां को गिफ्ट कर दी है. परिवार अब इसे लेने की तैयारी में है.
स्कूल ने भी की पुष्टि
ताजपुर के मॉडेस्टी स्कूल के डायरेक्टर आदर्श कुमार पिंटू ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरा गया था और एडमिट कार्ड भी जारी हुआ है. सीबीएसई ने परीक्षा केंद्र शहर के पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया था. हालांकि, इस बार वैभव परीक्षा में शामिल नहीं होंगे.
स्पष्ट है कि वैभव सूर्यवंशी ने फिलहाल किताबों से ज्यादा बल्ले को तरजीह दी है. अपनी आक्रामक पारियों से पहचान बना चुके 15 साल के होने जा रहे इस खिलाड़ी की नजरें अभी क्रिकेट के बड़े मंच पर टिकी हैं- एग्जाम की पिच पर वापसी अगले साल होगी.