ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टी20 वर्ल्ड कप 2022 का रविवार (16 अक्टूबर) से आगाज हो रहा है. वैसे टूर्नामेंट के पहले फेज में क्वालिफिकेशन राउंड के मुकाबले आयोजित होने वाले हैं. इसी कड़ी में पहले दिन जिलॉन्ग के कार्डिनिया पार्क मैदान पर दो मुकाबले होने हैं. शुरुआती मुकाबले में एक बार की चैम्पियन टीम श्रीलंका का सामना नामीबिया से होगा. वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में यूएई और नीदरलैंड की टीम आपस में टकराएगी.
श्रीलंकाई टीम के हौसले काफी बुलंद
श्रीलंका ने हाल ही में एशिया कप का खिताब जीता था. जिसके चलते उसके हौसले काफी बुलंद हैं. वैसे भी नामीबिया कागज पर काफी कमजोर दिखाई दे रही है. ऐसे में उसे हराना श्रीलंका के लिए उतना कठिन नहीं होना चाहिए. दोनों टीमों के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार 9.30 बजे से शुरू होगा. इस मुकाबले श्रीलंका की कमान दासुन शनाका के हाथों में होगी, जबकि नामीबिया की टीम को गेरहार्ड इरासमस संभालते हुए नजर आएंगे.
नामीबिया की टीम: गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, दीवान ला कॉक, स्टीफन बार्ड, निकोल लॉफ्टी ईटन, जान फ्रिलिंक, डेविड विजे, रूबेन ट्रम्पेलमैन, जेन ग्रीन, बर्नार्ड स्कोल्ट्ज, तांगेनी लुंगमेनी, माइकल वैन लिंगेन, बेन शिकोंगो, कार्ल बरकेनस्टॉक , लोहान लॉरेंस, हेलाओ या फ्रांस.
श्रीलंकाई टीम: दासुन शनाका (कप्तान), दनुष्का गुणातिलक, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरित असलंका, भानुका राजपक्षे (विकेटकीपर), धनंजय डिसिल्वा, वानिंदु हसारंगा, महीष तीक्ष्णा, जेफरी वेंडरसे, चमिका करुणारत्ने, दुष्मंता चमीरा, लाहिरू कुमारा, दिलशान मदुशंका, प्रमोद मदुशन.
नीदरलैंड और यूएई के बीच कड़ी टक्कर
दूसरे मैच की बात करें तो नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. वैसे देखा जाए तो स्कॉट एडवर्ड्स की कप्तानी वाली नीदरलैंड का थोड़ा भारी दिख रहा है. नीदरलैंड की टीम हालिया महीनों में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का सामना कर चुकी है जिसके चलते उसे थोड़ा बहुत अनुभव जरूर हासिल हुआ होगा. भले ही यूएई और नीदरलैंड्स से लोगों को कम उम्मीदें हैं, लेकिन उन्होंने तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी है. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे से खेला जाएगा.
नीदरलैंड: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), कॉलिन एकरमैन, शारिज अहमद, लोगान वैन बीक, टॉम कूपर, ब्रैंडन ग्लोवर, टिम वैन डेर गुगटेन, फ्रेड क्लासेन, बास डी लीडे, पॉल वैन मीकेरेन, रूलोफ वैन डेर मर्व, स्टीफन मायबर्ग, तेजा निदामानुरु, मैक्स ओ'डॉड, टिम प्रिंगल, विक्रम सिंह.
संयुक्त अरब अमीरात: सीपी रिजवान (कप्तान), वृत्य अरविंद, चिराग सूरी, मुहम्मद वसीम, बासिल हमीद, आर्यन लकड़ा, जवार फरीद, काशिफ दाउद, कार्तिक मयप्पन, अहमद रजा, जहूर खान, जुनैद सिद्दीकी, साबिर अली, अलीशान शराफू, अयान खान.
बल्लेबाजी के मुफीद है कार्डिनिया पार्क की पिच
जिलॉन्ग के कार्डिनिया पार्क की पिच काफी सपाट मानी जाती है. ऐसे में यहां बल्लेबाजों को काफी फायदा मिलेगा. दोनों ही मैचों में टीमें टॉस जीतकर टीम पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी ताकि बड़ा टोटल खड़ा किया जा सके. इस मैदान पर अब तक केवल एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया है. 2017 में खेले गए उस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम ने ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट से पराजित किया था. टी20 वर्ल्ड कप में इस मैदान पर केवल क्वालिफाइंग राउंड के मैच ही होने हैं.