आईपीएल 2023 से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) में बदलावों का दौर जारी है. अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 से पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन को पंजाब किंग्स का सहायक कोच नियुक्त किया गया है. पिछले महीने ही पंजाब किंग्स ने ट्रेवर बेलिस को अनिल कुंबले की जगह मुख्य कोच नियुक्त किया था. खास बात यह है कि हैडिन और बेलिस सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक साथ काम कर चुके हैं.
हैडिन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले 226 मैच
इंडियन प्रीमियर लीग के सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'हैडिन को सहायक कोच नियुक्त किया गया है. जल्द ही बाकी सहयोगी स्टाफ की भी नियुक्ति की जाएगी. हैडिन ऑस्ट्रेलिया के लिए 66 टेस्ट, 126 वनडे और 34 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भाग लिया था. फ्रेंचाइजी ने कुंबले के साथ-साथ सहायक कोच जोंटी रोड्स और गेंदबाजी कोच डेमियन राइट का अनुबंध भी नहीं बढ़ाया था.
जोंटी रोड्स 2020 चरण से पहले पंजाब की टीम से जुड़े थे, जबकि डेमियन राइट एक साल पंजाब किंग्स के साथ जुड़े थे. पंजाब की टीम बेलिस के मार्गदर्शन में पहला आईपीएल खिताब जीतने की उम्मीद लगाए हैं, जिन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को अपनी कोचिंग में 2012 और 2014 में दो खिताब दिलाए थे.
पंजाब को पहले खिताब का इंतजार
आईपीएल के शुरुआती सीजन से हिस्सा ले रही इस टीम को पहले किंग्स इलेवन पंजाब कहा जाता था. पंजाब किंग्स ने अबतक महज दो बार प्ले-ऑफ में जगह बनाई है, जिसमें 2014 का फाइनल भी शामिल है. 2022 की नीलामी में पंजाब ने लियाम लिविंगस्टोन, जॉनी बेयरस्टो, कैगिसो रबाडा, जैसे खिलाड़ियों को खरीदा था. साथ ही नीलामी से पहले किंग्स ने मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को रिटेन किया था. आईपीएल 2022 में जहां अर्शदीप सिंह के स्किल और निरंतरता ने सुर्खियां बटोरीं, वहीं कप्तान मयंकर अग्रवाल संघर्ष करते दिखाई दिए.
कप्तान मयंक ने किया था खराब प्रदर्शन
मयंक ने आईपीएल 2022 में 16.33 की औसत और 122.5 की स्ट्राइक रेट से केवल 196 रन बनाए. यह प्रदर्शन उनके पिछले तीन आईपीएल में खेले गए प्रदर्शन के बिल्कुल विपरीत थ. साल 2019 में, अग्रवाल ने 141.88 की स्ट्राइक रेट से 332 रन बनाए थे. वहीं साल 2020 में मयंक ने 424 और 2021 में 441 रन बनाए. मयंक अग्रवाल को भी पंजाब किंग्स के कप्तानी पद से हटाने की अटकलें चल रही थी लेकिन पंजाब किंग्स ने इसका खंडन किया था.