आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ड्रेसिंग रूम में बड़ा फैसला आकार ले रहा है. टीम इंडिया के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, क्योंकि अब तक यह साफ नहीं है कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस टीम से कब जुड़ेंगे.
सूत्रों के मुताबिक, SRH मैनेजमेंट ने इस मुद्दे पर अंदरखाने चर्चा की है और किशन को सबसे मजबूत विकल्प माना गया है. अगर कमिंस शुरुआती मैचों से चूकते हैं, तो किशन टीम की कमान संभाल सकते हैं. दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक शर्मा को इस सीजन में उपकप्तान की भूमिका दी जा सकती है.
27 साल के किशन इस समय अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं. हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया और टीम इंडिया के हीरो बनकर उभरे. टॉप ऑर्डर से लेकर नंबर-3 तक, उन्होंने हर भूमिका में खुद को साबित किया- खासतौर पर तब, जब संजू सैमसन की वापसी के बाद बल्लेबाजी क्रम में बदलाव हुआ.
IPL रिकॉर्ड
आईपीएल में किशन का रिकॉर्ड उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का सबूत है.
119 मैचों में 2998 रन, औसत: 29.10, स्ट्राइक रेट: 137.64
1 शतक, 17 अर्धशतक, 288 चौके, 134 छक्के
विकेट के पीछे भी उनका योगदान- 59 कैच और 5 स्टंपिंग
IPL 2025 में, जब SRH ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा, तो उन्होंने 14 मैचों में 354 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था. उनका स्ट्राइक रेट 152.58 रहा- जो उनके आक्रामक अंदाज को दर्शाता है.
वर्ल्ड कप जीत में निभाई बड़ी भूमिका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में किशन ने भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई.
9 पारियों में 317 रन, औसत: 35.22, स्ट्राइक रेट: 193+
3 अर्धशतक (फाइनल में भी एक)
फाइनल में उनकी पारी ने भारत की जीत की नींव रखी और उन्हें टूर्नामेंट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल कर दिया.
जीत के बाद क्या बोले किशन?
टाइटल जीतने के बाद किशन ने कहा, 'टीम की जीत पूरे देश के लिए खास है. हम इसी तरह खेलते रहना चाहते हैं और जीतते रहना चाहते हैं.' उन्होंने आगे कहा कि उनका प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा बने, यही उनकी कोशिश रहती है.
SRH के लिए नया दौर?
अगर किशन को कप्तानी मिलती है, तो यह SRH के लिए एक नई शुरुआत साबित हो सकती है. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, आत्मविश्वास और हालिया फॉर्म टीम को एक अलग पहचान दे सकते हैं.
अब सबकी नजर इस बात पर है कि कमिंस कब टीम से जुड़ते हैं, लेकिन फिलहाल SRH की कमान संभालने के लिए किशन पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं.