scorecardresearch
 

IND vs NZ: टीम इंडिया ने लगाई हार की हैट्रिक, न्यूजीलैंड ने 3-0 से किया व्हाइटवॉश

India (IND) vs New Zealand (NZ) 3rd ODI: न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीसरा वनडे गंवाकर टीम इंडिया ने हार की हैट्रिक लगा दी. माउंट माउंगानुई में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच में कीवियों ने टीम इंडिया को 5 विकेट से मात दे दी.

Advertisement
X
Live Score IND vs NZ 3rd ODI
Live Score IND vs NZ 3rd ODI

न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीसरा वनडे गंवाकर टीम इंडिया ने हार की हैट्रिक लगा दी. माउंट माउंगानुई में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच में कीवियों ने टीम इंडिया को 5 विकेट से मात दे दी. न्यूजीलैंड ने टी-20 सीरीज में 0-5 की हार का बदला लेते हुए तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया. इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 50 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 296 रन बनाए और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 297 रनों का टारगेट दिया.

भारत के लिए केएल राहुल ने अपने वनडे करियर का चौथा शतक जड़ते हुए 112 रनों की पारी खेली. जवाब में न्यूजीलैंड ने 47.1 ओवरों में 5 विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया. मेजबान न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने 80, मार्टिन गप्टिल ने 66, कोलिन डि ग्रैंडहोम ने नाबाद 58 और टॉप लाथम ने 32 रनों की पारी खेली. भारत के लिए युजवेंद्र चहल ने तीन और शार्दुल ठाकुर तथा रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिए.

Advertisement

80 रनों की शानदार पारी खेलने वाले कीवी सलामी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स मैन ऑफ द मैच रहे, जबकि सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी (तीन मैचों में 194 रन) के लिए अनुभवी रॉस टेलर प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए. वह दो बार नॉट आउट रहे और उनका एवरेज 194.00 का रहा.   

पहला वनडे न्यूजीलैंड ने 4 विकेट से जीता था. इसके बाद दूसरे वनडे में भी कीवी टीम ने भारत को हरा सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की थी. न्यूजीलैंड ने आखिरी मैच को भी जीतकर टीम इंडिया का व्हाइट वॉश कर दिया. 31 साल बाद तीन या उससे ज्यादा मैचों की वनडे सीरीज (जब सीरीज के सभी मैच खेले गए) में भारत को व्हाइट वॉश का सामना करना पड़ा है.

वनडे सीरीज (3+ मैच) में कब-कब टीम इंडिया का हुआ सफाया

0-5 विरुद्ध वेस्टइंडीज, 1983/84

0-5 विरुद्ध वेस्टइंडीज, 1988/89

0-3 विरुद्ध न्यूजीलैंड, 2019/20

(साउथ अफ्रीका ने 2006/07 में 0-4  से जरूर सफाया किया था, लेकिन उस वनडे सीरीज का एक मैच रद्द हो गया था)

IND vs NZ Score

भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 297 का टारगेट

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 50 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 296 रन बनाए और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 297 रनों का टारगेट दिया. भारत के लिए केएल राहुल ने अपने वनडे करियर का चौथा शतक जड़ते हुए 112 रनों की पारी खेली. श्रेयस अय्यर ने 62 और मनीष पांडे ने 42 रनों की पारी खेली. इसके अलावा पृथ्वी शॉ ने 40 रनों का योगदान दिया.

Advertisement

एक बार फिर मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ की जोड़ी टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रही. दूसरे ओवर में ही मयंक अग्रवाल आउट हो गए. मयंक अग्रवाल को काइल जैमीसन ने बोल्ड करते हुए भारत को पहला झटका दिया. अग्रवाल 1 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान विराट कोहली का बल्ला भी नहीं चला. विराट कोहली को हामिश बेनेट ने काइल जैमीसन के हाथों कैच आउट करा कर भारत को दूसरा झटका दिया. विराट कोहली 9 रन बनाकर आउट हुए.

पृथ्वी शॉ (40 रन, 42 गेंदों में, 2 छक्के, 3 चौके) रन आउट  हुए. 62 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा. श्रेयस अय्यर को जेम्स नीशाम ने कोलिन डी ग्रैंडहोम के हाथों कैच आउट करा भारत को चौथा झटका दिया. अय्यर 62 रन बनाकर आउट हुए.

केएल राहुल ने ठोका शतक

केएल राहुल ने अपने वनडे करियर का चौथा शतक जड़ दिया है. नंबर 5 पर राहुल का यह पहला वनडे शतक है. राहुल ने अपना शतक 104 गेंदों पर पूरा किया. केएल राहुल 112 गेंदों पर 112 रन बनाकर आउट हुए. राहुल ने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए.

Advertisement

नंबर पांच और उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे शतक लगाने वाले राहुल दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले सुरेश रैना ने भी यह कारनामा किया था. सुरेश रैना ने न्यूजीलैंड की धरती पर साल 2015 में खेले गए वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक ठोका था. नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए सुरेश रैना ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 110 रन बनाए थे.

मनीष पांडे 42 रन बनाकर हामिश बेनेट की गेंद पर आउट हुए. पांडे का कैच मिशेल सेंटनर ने लिया. पांडे ने 48 गेंदों पर 2 चौके लगाए. राहुल और पांडे ने 5वें विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी की. शार्दुल ठाकुर (7) का विकेट 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा, लेकिन इसके बाद रवींद्र जडेजा (नाबाद 8) और नवदीप सैनी (नाबाद 8) ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया. गेंदबाजी में न्यूजीलैंड के स्टार हामिश बेनेट रहे, जिन्होंने 64 रन देकर चार विकेट लिए जबकि काइल जैमीसन और जेम्स नीशाम को एक-एक सफलता मिली.

न्यूजीलैंड ने भारत को दी पहले बैटिंग

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव हुआ है. खराब फॉर्म में चल रहे केदार जाधव टीम से बाहर हुए हैं. जाधव की जगह मनीष पांडे को मौका दिया गया है. न्यूजीलैंड की टीम में भी दो बदलाव हुए.

Advertisement

कप्तान केन विलियमसन ने चोट के बाद इस मैच में वापसी की. विलियमसन टॉम ब्लंडेल की जगह शामिल हुए. इसके अलावा मार्क चैपमैन की जगह मिशेल सेंटनर को मौका मिला है.

टीमें:

भारत:  पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, शार्दुल ठाकुर, नवदीप सैनी, जसप्रीत बुमराह.

न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), टॉम लाथम (विकेटकीपर), मार्टिन गप्टिल, रॉस टेलर, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, जिमी नीशाम, हेनरी निकोल्स, मिशेल सेंटनर, हामिश बेनेट, टिम साउदी, काइल जैमीसन.

Advertisement
Advertisement