scorecardresearch
 

कोहली-रहाणे ने संभाला किला, भारत 172/3 बनाकर हुआ मजबूत

पिच अब बल्लेबाजी के लिए अधिक उपयुक्त लग रही है और भारत तीसरे दिन इसका फायदा उठा सकता है. वह ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर 326 रन से अभी 154 रन पीछे है.

Advertisement
X
कोहली और रहाणे
कोहली और रहाणे

कप्तान विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने ऑस्ट्रेलिया की अनुशासित और कसी हुई गेंदबाजी के सामने शनिवार को पर्थ टेस्ट के दूसरे दिन अपने धैर्य और कौशल का अच्छा प्रदर्शन कर भारत की पहली पारी में बड़े स्कोर की उम्मीदों को कायम रखा.

भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 172 रन बनाए हैं और वह ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर 326 रन से अभी 154 रन पीछे है. कोहली 82 और रहाणे 51 रन बनाकर खेल हैं. इन दोनों ने अब तक चौथे विकेट के लिए 30.4 ओवरों 90 रन जोड़े हैं.

भारत ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट जल्दी गंवा दिए थे, जिससे स्कोर दो विकेट पर आठ रन हो गया. कोहली और चेतेश्वर पुजारा (103 गेंदों पर 24) ने तीसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े. इस बीच इन दोनों ने 33 ओवर खेले और बेहद कड़े दूसरे सत्र में ऑस्ट्रेलियाई की अनुशासित गेंदबाजी का डटकर सामना किया.

Advertisement

मुरली विजय को फैंस ने कहा- पूर्व ओपनर, ट्विटर पर जमकर उड़ा मजाक

कोहली ने बाद में रहाणे के साथ जिम्मेदारी को आगे बढ़ाया और ऑस्ट्रेलिया को आगे दिन में कोई सफलता नहीं लगने दी. भारत ने धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन शुरू में दो विकेट गंवाने और ऑस्ट्रेलिया की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने इसे साहसिक प्रदर्शन कहा जाएगा. पिच अब बल्लेबाजी के लिए अधिक उपयुक्त लग रही है और भारत तीसरे दिन इसका फायदा उठा सकता है.

मुरली विजय (शून्य) का विकेट लंच से ठीक पहले गंवाने के बाद भारत ने जल्द ही लोकेश राहुल (दो) का विकेट भी खो दिया. मिशेल स्टार्क (42 रन देकर दो विकेट) ने विजय के बल्ले और पैड के बीच से गेंद निकाल विकेट उखाड़ा तो जोश हेजलवुड (50 रन देकर एक विकेट) ने यॉर्कर पर राहुल की गिल्लियां बिखेरी. राहुल फुललेंथ को खेलने को लेकर गफलत में थे और वह जब तक कुछ समझ पाते तब तक उनका विकेट थर्रा चुका था.

पर्थ: दूसरे दिन कंगारुओं पर जमकर बरसे कोहली-रहाणे, भारत 172/3

इसके बाद कोहली और पुजारा ने जिम्मेदारी संभाली. इन दोनों ने रक्षात्मक बल्लेबाजी करके ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण को बैकफुट पर भेजा. दूसरे सत्र में ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने दोनों बल्लेबाजों को काफी दबाव में रखा. हेजलवुड और पैट कमिंस ने भी इस बीच बेहतरीन गेंदबाजी की.

Advertisement

यह साझेदारी आखिर में तीसरे सत्र में टूटी जब स्टार्क की लेग साइड की तरफ जाती गेंद पुजारा के बल्ले का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर टिम पेन के दस्तानों में गई. पुजारा का स्थान लेने के लिए आए रहाणे ने तेज शुरुआत की जबकि कोहली ने 109 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का 20वां अर्धशतक पूरा किया.

रहाणे 92 गेंद का सामना करके 50 रन पर पहुंचे जो उनका 17वां टेस्ट अर्धशतक हैं. उन्होंने अब तक अपनी पारी में 103 गेंदें खेली हैं, जिसमें छह चौके और स्टार्क पर अपर कट से लगाया गया एक छक्का शामिल हैं. कोहली ने 181 गेंदों का सामना करके नौ चौके लगाए हैं.

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने सुबह छह विकेट पर 277 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा उसके निचले क्रम के बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण 49 रन जोड़े. भारत की तरफ से तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने 41 रन देकर चार विकेट लिए.

सुबह कप्तान टिम पेन (38) और कमिंस (19) ने भारतीय गेंदबाजों को एक घंटे से भी अधिक समय तक विकेट के लिए तरसाए रखा. इन दोनों ने आठवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े. इस बीच उन्होंने 100वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया.

भारत को फिर से बहुत अधिक शॉर्ट पिच गेंदें करने का खामियाजा भुगतना पड़ा. पहले घंटे में केवल 29 रन बने, लेकिन इस बीच कोई विकेट नहीं गिरा.

Advertisement

पर्थ टेस्ट में फिर दिखी राहुल की यह कमजोरी, बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

भारत ने ईशांत और मोहम्मद शमी (80 रन देकर कोई विकेट नहीं) से सुबह गेंदबाजी की शुरुआत कराई. इसके बाद उमेश यादव (78 रन देकर दो विकेट) ने गेंद थामी जबकि जसप्रीत बुमराह (53 रन देकर दो विकेट) को चौथे गेंदबाज के रूप में गेंदबाजी करने के लिए आए.

पिच से उछाल के संकेत मिल रहे थे, लेकिन भारतीयों ने इसका फायदा उठाने के लिए पर्याप्त फुललेंथ गेंदबाजी नहीं की. आखिर में उमेश ने 105वें ओवर में कमिंस का ऑफ स्टंप उखाड़कर भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई.

इसके दो गेंद बाद बुमराह ने पेन को एलबीडब्ल्यू आउट किया. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने डीआरएस लिया लेकिन उन्हें इससे फायदा नहीं मिला. ईशांत ने स्टार्क (छह) और हेजलवुड (शून्य) को ऋषभ पंत की मदद से पवेलियन भेजकर ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया. लियोन (नाबाद नौ) लगातार तीसरी पारी में नाबाद रहे. भारत एडिलेड में पहला टेस्ट मैच 31 रन से जीतकर चार मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है.

Advertisement
Advertisement