जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का खतरनाक कहर देखने को मिला. ओवर स्पीड कार ने एक डेयरी बूथ संचालक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकानदार हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा और जमीन पर गिरने के बाद उठ भी नहीं पाया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बगरू क्षेत्र के बगरू इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संडे मार्केट में हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डेयरी बूथ संचालक रोज की तरह सुबह दुकान खोल रहा था और दूध के कैरेट सहित अन्य सामान बाहर निकाल रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक बेकाबू कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
यह भी पढ़ें: मरीज जल रहे थे, स्टाफ बैग लेकर भाग रहा था, 30 मिनट तक ढूंढी गई स्टोर की चाबी... जयपुर में 6 मौतों का 'सरकारी सच'
20 फीट दूर जा गिरा घायल, कार सीढ़ियों में फंसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दुकानदार हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा. हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर डेयरी बूथ की सीढ़ियों में जाकर फंस गई. घायल दुकानदार सड़क पर ही पड़ा रहा और उसकी हालत ऐसी थी कि वह उठ भी नहीं पा रहा था.
बताया गया कि कार में सवार दोनों युवक हादसे के बाद बाहर निकले, लेकिन घायल की हालत देखकर मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गए. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है और इसका वीडियो भी सामने आया है.
देखें वीडियो...
पुलिस ने कार जब्त की, फरार युवकों की तलाश
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल दुकानदार को संभाला और तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं.
उधर सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डेयरी बूथ की सीढ़ियों में फंसी कार को जब्त कर लिया. पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन के आधार पर जांच शुरू कर दी है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर फरार दोनों युवकों की तलाश तेज कर दी गई है.