राजस्थान के भीलवाड़ा में चौंका देने वाला मामला सामने आया है. एक सरकारी स्कूल में कुछ लड़कों ने छात्रा के बोतल में पानी की जगह पेशाब भर दिया जिसे लड़की ने गलती से पानी समझकर पी लिया. मामला जिले के सरकारी सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल का है. कुछ लड़कों ने उसकी बोतल में पानी में पेशाब मिला दिया था. इस दौरान लड़की को अपने बैग के अंदर एक प्रेम पत्र भी मिला है.
घटना सामने आने के बाद इलाके के स्थानीय लोगों ने इस पर नाराजगी जताई है. उन्होंने आरोपियों के इलाके में घुसने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा.
इस मामले को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले शुक्रवार को लुहारिया गांव के सरकारी सीनियर हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा ने शिकायत की थी. छात्रा ने बताया था कि लंच ब्रेक के दौरान उसे पता चला कि कुछ लड़कों ने उसके बैग में रखी पानी की बोतल में पेशाब मिला दिया है.
बोतल से पीने के बाद उसे दुर्गंध का पता चला, जिस पर उसने शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अधिकारी ने कहा, ''छात्रा तब हैरान हो गई जब उसे अपने बैग में ''लव यू'' लिखा एक पत्र भी मिला.
शिकायत के बावजूद प्राचार्य ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे लोग आक्रोशित हो गये. सोमवार को जब स्कूल दोबारा खुला तो उन्होंने तहसीलदार, लुहारिया थाना प्रभारी और स्कूल प्रिंसिपल के सामने मामला उठाया. हालांकि, कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर, ये लोग उस इलाके में घुस गए जहां आरोपी रहते थे और वहां पथराव करने लगे.
एएसपी घनश्याम शर्मा ने कहा, 'छात्रा ने अभी तक पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. हालांकि, अगर आरोपियों के इलाके में घुसकर पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की जाती है, तो पुलिस उचित कार्रवाई करेगी. फिलहाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा भारी पुलिस बल के साथ लुहारिया गांव में मौजूद हैं.