scorecardresearch
 

गांव वाले खा रहे थे भोज, सब्जी में निकला मरा हुआ सांप, भागे- भागे पहुंचे अस्पताल

ओडिशा के केंद्रपाड़ा में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सामुदायिक भोज में परोसी जा रही दालमा में मृत सांप मिलने का आरोप सामने आया. घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचे.

Advertisement
X
सब्जी में निकला मरा हुआ सांप (Photo: itg)
सब्जी में निकला मरा हुआ सांप (Photo: itg)

ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के पट्टामुंडई नगर पालिका क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब सामुदायिक भोज में परोसे गए खाने में कथित तौर पर एक मृत सांप मिलने की बात सामने आई. यह घटना वार्ड नंबर 10 में आयोजित भागवत सप्ताह कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग खाने पहुंचे थे.

मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के तहत आयोजित सामूहिक भोज में लोगों को ‘दलमा’ परोसी जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों की नजर भोजन में पड़े एक मृत सांप पर पड़ी. यह दृश्य देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और तुरंत भोजन वितरण रोक दिया गया.

घटना की खबर इलाके में तेजी से फैल गई. बताया जा रहा है कि कई लोग पहले ही भोजन ग्रहण कर चुके थे. ऐसे में संभावित स्वास्थ्य खतरे को लेकर लोगों में डर का माहौल बन गया. स्थिति यह हो गई कि दर्जनों लोग एहतियात के तौर पर नजदीकी उप-जिला अस्पताल पहुंच गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल में 40 से अधिक लोग जांच के लिए पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया. डॉक्टरों का कहना है कि अब तक किसी भी व्यक्ति में गंभीर बीमारी या विषाक्तता के लक्षण नहीं पाए गए हैं. हालांकि, एहतियात के तौर पर सभी को कुछ समय तक निगरानी में रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement

स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मामले का संज्ञान लिया है. यह जांच की जा रही है कि भोजन तैयार करने के दौरान यह लापरवाही कैसे हुई. कार्यक्रम आयोजकों से भी पूछताछ की जा रही है. इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है.  

 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement