भारत के कई हिस्सों में गर्मी का असर अब बढ़ गया है. मंगलवार को ओडिशा में भी भीषण गर्मी का प्रभाव देखने को मिला है. जिसमें टिटलागढ़ में सबसे अधिक तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में कम से कम 8 जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा.
संबलपुर और हीराकुड में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि झारसुगुड़ा और भवानीपटना में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
सोनपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस, बोलंगीर में 40.3 डिग्री सेल्सियस और तालचेर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
भुवनेश्वर और कटक में 37 डिग्री सेल्सियस के आसापास तापमान दर्ज किया गया, जहां ह्यूमिडिटी का स्तर 80 प्रतिशत से अधिक बना रहा.
बुधवार को भीषण गर्मी और उमस की आशंका को देखते हुए बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति समेत कई जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4-5°C की बढ़ोतरी हो सकती है. 14 और 15 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, 18 अप्रैल को असम, मेघालय और नागालैंड में बारिश की संभावना है.