ट्विशा मौत मामले की जांच जारी है. मौत से पहले ट्विशा जिस पार्लर में गई थी, वहां आजतक पहुंचा और ब्यूटी पार्लर संचालिका किरण से बातचीत की. इस दौरान किरण ने बताया कि ‘उस दिन ट्विशा ने कहा था मुझे रिलैक्स होना है’.. किरण के मुताबिक ट्विशा का नेचर बहुत अच्छा था और उन्हें उस दिन देखकर लगा नहीं कि वो ऐसा कदम उठाएंगी.
मुझे ट्विशा की मौत की जानकारी उनकी सास गिरिबाला से मिली. क्योंकि उनका 13 मई को कॉल आया था ट्विशा के बारे में पूछने के लिए. गिरिबाला ने मुझसे पूछा कि ट्विशा कब आई थी, क्या-क्या करवाया था. ट्विशा की मौत के अगले दिन 5 लोग भी आए थे, जो एडवोकेट लग रहे थे. उन्होंने मुझसे पूछताछ की और सीसीटीवी देखा. उन्होंने वाइट शर्ट और ब्लैक कोट पहना था.
देखकर नहीं लगा सुसाइड करेगी
ट्विशा करीब 3 बजे पार्लर आई और 6 बजे चली गई थी. वो महीने में एक बार पार्लर आ जाती थीं. क्योंकि मेरा पॉर्लर उनके घर के पास ही है. ट्विशा ने हेड आयल मसाज, पेडिक्योर और स्किन रिलेटेड सर्विसेज ली थी. ट्विशा ने मेरे स्टाफ से बात की थी क्योंकि वो मूवी देख रही थी तो उन्होंने पूछा था कौन-कौन सी मूवी अच्छी लगती है. ट्विशा को उस दिन देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वो सुसाइड करेगी.
फिलहाल ट्विशा केस की जांच पुलिस द्वारा तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है. मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जिससे जांच और उलझती जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार केस से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि सच्चाई तक पहुंचा जा सके.
जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में ट्विशा के पति का वकालत का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है. इस कदम को मामले की गंभीरता को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रशासनिक स्तर पर की गई इस कार्रवाई के बाद केस ने एक नया मोड़ ले लिया है और कई नए सवाल खड़े हो गए हैं. इसके अलावा पुलिस ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को भी नोटिस जारी किया है. पुलिस के मुताबिक, जांच में सहयोग और स्पष्टीकरण के लिए यह नोटिस भेजा गया है. नोटिस की प्रति पुलिस टीम द्वारा उनके आवास पर पहुंचकर विधिवत रूप से चस्पा की गई, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत इसकी पुष्टि हो सके.
पुलिस टीम अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है और कई अहम दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए गए हैं. जांच एजेंसियां हर पहलू को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं. स्थानीय स्तर पर यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. लोगों में इस केस को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.