मध्यप्रदेश के श्योपुर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां तरबूज खाने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है. घटना के बाद लोग बाजार में बिक रहे तरबूजों पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों को शक है कि तरबूज में जहरीला तत्व और केमिकल हो सकता है. हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी. वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन अमला सक्रिय हो गया है. अफसरों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, इंद्र कुमार परिहार (43) निवासी सुसनेर जिला शाजापुर अपने परिवार के साथ श्योपुर में पेट्रोल पंप के सामने किराए के मकान में रहता था. वह पेशे से ड्राइवर थे. बताया जा रहा है कि गुरुवार रात को पिता-पुत्र की तबीयत खराब थी. जिसके बाद शुक्रवार सुबह उठकर इंद्र कुमार और उसके 21 वर्षीय बेटे विनोद ने तरबूज खाया था. जिसके कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई.
हालत गंभीर होने पर दोनों को श्योपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां गंभीर हालत में इंद्रकुमार को कोटा रेफर कर दिया गया, जहां ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. जबकि बेटे विनोद की हालत नाजुक बनी हुई है.
इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतक इंद्र सिंह परिहार अपने पीछे पत्नी संगीता, बेटे विनोद जिसकी हालात बेहद नाजुक बनी हुई है. राजा और देवा को छोड़कर चला गया है.
परिवार में महिला सदस्य राधिका भी उनके साथ रहती है. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार शव को लेने के लिए इटावा निकल गए हैं. फिलहाल मामले को लेकर स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: कातिल फल या कोई गहरी साजिश... मुंबई तरबूज कांड में पुलिस के हाथ लगी हर्बल बोतल, पर फल में मिला चूहे मारने वाला जहर
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आरबी गोयल ने बताया कि दो लोगों को सुबह गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था. तरबूज खाकर मौत होने जैसी बात फिलहाल सामने नहीं आई है. पेट में इन्फेक्शन हो सकता है. डॉक्टर परीक्षण कर रहे हैं, उसके बाद ही क्लियर हो पाएगा.
वहीं, परिजन ने बताया कि खातौली तिराहे से गुरुवार शाम तरबूज खरीदा था. कूलर में ठंडा होने के लिए रख दिया था, फिर खा लिया. देखें VIDEO:-
बता दें कि एमपी में तरबूज खाने से पिछले साल भी एक मामला छिंदवाड़ा में सामने आया था. यहां बड़ी माता मंदिर के पास रहने वाले 27 वर्षीय सिद्धार्थ ताम्रकार की मौत हो गई थी.
परिजनों ने बताया था कि सिद्धार्थ ने दोपहर में भोजन के बाद तरबूज खाया. फिर सो गया. जब वह नहीं उठा तो परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए. वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.