प्रयागराज कुंभ मेले में अपनी आंखों की वजह से वायरल हुई महेश्वर की युवती अब प्रेम विवाह और उम्र विवाद को लेकर चर्चा में है. युवती ने अपने पति फरमान खान पर दर्ज अपहरण के केस को चुनौती देते हुए इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. याचिका में खुद को बालिग बताते हुए जन्मतिथि रिकॉर्ड में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है.
खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली यह युवती प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले के दौरान माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. उसकी आंखों और सादगी को लेकर बने वीडियो तेजी से इंटरनेट पर फैल गए थे. इसके बाद वह रातों-रात चर्चा में आ गई थी. बताया जा रहा है कि वायरल होने के बाद उसे फिल्म का ऑफर भी मिला था.
जानकारी के अनुसार फिल्म की शूटिंग के दौरान उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी फरमान खान से हुई. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर प्रेम संबंध बन गए. इसके बाद 11 मार्च 2026 को दोनों ने तिरुवनंतपुरम स्थित अरूमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में विवाह कर लिया.
पिता का आरोप, अपहरण का केस और पुलिस की जांच
इधर युवती के पिता ने महेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी नाबालिग है और फरमान खान उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. शिकायत में अपहरण कर शादी करने का आरोप लगाया गया. पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने फरमान खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी.
अब इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है. युवती की तरफ से अधिवक्ता बीएल नागर ने इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. याचिका में मध्य प्रदेश शासन, मध्य प्रदेश के डीजीपी, केरल के डीजीपी और युवती के पिता को पक्षकार बनाया गया है.
याचिका में दावा किया गया है कि युवती की वास्तविक जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 है. इसी आधार पर उसके आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बनाए गए हैं. वहीं आरोप लगाया गया है कि 1 जनवरी 2009 की जन्मतिथि वाला प्रमाण पत्र गलत तरीके से तैयार किया गया, ताकि उसे नाबालिग दिखाया जा सके.
निष्पक्ष जांच की मांग और अगली सुनवाई पर टिकी नजर
याचिका में हाईकोर्ट से मांग की गई है कि सक्षम अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए. साथ ही वास्तविक जन्म प्रमाण पत्र सामने लाने और मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग भी की गई है. इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है. एक तरफ प्रेम विवाह को लेकर बहस हो रही है, तो दूसरी ओर युवती की उम्र और दस्तावेजों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अब सभी की नजर इंदौर हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हुई है.