इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित नगर निगम चौराहे के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अचानक बेकाबू होकर कपड़े की दुकान में जा घुसी. इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है.
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ, जब दुकान के बाहर कुछ लोग खड़े थे. अचानक तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे दुकान में जा घुसी. इस दौरान दुकान के पास खड़े लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
यहां देखें Video...
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के बाहर रखा सामान बिखर गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना में चार लोग कार की चपेट में आकर घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
यह भी पढ़ें: मेघालय के री-भोई जिले में भीषण सड़क हादसा... तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल बस को मारी टक्कर, 1 छात्र की मौत, 7 घायल
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी की. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया. जांच में सामने आया है कि कार चालक गजानंद मालवीय, जो भवानी नगर का रहने वाला है, वह शराब के नशे में था.
थाना प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. शुरुआती जांच में पता चला कि चालक नशे में था.
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक दुकान की ओर मुड़ती है और सीधे अंदर जा घुसती है. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.