मध्य प्रदेश के इंदौर में एमबीए छात्रा की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. इस मामले में रोज नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. पुलिस ने आरोपी पीयूष को गिरफ्तार कर लिया है और शुरुआती जांच में साफ किया है कि वह मानसिक रूप से बीमार नहीं, बल्कि पूरी योजना के साथ अपराध करने वाला शातिर व्यक्ति है. वह शव के ऊपर बैठकर शराब पीता रहा और मृतका के ही मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप्स में भेजे, ताकि मौत के बाद भी उसकी छवि खराब हो. आरोपी के पिता ने कहा कि उनका बेटा दरिंदा है, वह उसका चेहरा तक नहीं देखना चाहते, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
शव के पास बैठकर की घिनौनी हरकत
पुलिस के मुताबिक 10 फरवरी को पीयूष ने छात्रा को अपने किराए के कमरे पर बुलाया था. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने छात्रा की हत्या कर दी. आरोप है कि वारदात के बाद उसने अमानवीयता की हद पार कर दी.
पिता ने भी जताई सख्त नाराजगी
इस घटना से आरोपी का परिवार भी स्तब्ध है. मंदसौर में रहने वाले उसके पिता ने मीडिया के सामने बेटे के कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए उसे ‘दरिंदा’ बताया. उन्होंने कहा कि जनवरी में उन्हें दोनों के रिश्ते की जानकारी मिली थी और उन्होंने बेटे को समझाने की कोशिश भी की थी.
वारदात के बाद मुंबई भागा आरोपी
हत्या के बाद पीयूष ट्रेन पकड़कर पहले महाराष्ट्र के पनवेल पहुंचा और फिर मुंबई चला गया. 13 फरवरी को कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस के अनुसार आरोपी को शक था कि छात्रा का किसी और से भी संबंध है, इसी शक में उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.
जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की जांच कर रही पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का सीन रिक्रिएशन किया जा चुका है और फॉरेंसिक जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे कई और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.