
Roof Cooling Tips For Summer: गर्मी का मौसम आ गया है और तेज धूप और उमस के कारण घर की छत भी तपने लगी है. छत गर्म होने से घर भट्टी की तरह तपने लगते हैं. दोपहर होते-होते छतें इतनी गर्म हो जाती हैं कि कमरे में बैठना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में कमरों को गर्म करने के लिए लोग दिन-भर एसी और कूलर चलाते हैं, जिससे बिजली का बिल बजट बिगाड़ देता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक बेहद सस्ता और देसी तरीका आपके घर को कुदरती तौर पर ठंडा रख सकता है? सोशल मीडिया पर एक मिस्त्री का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने छत पर एक खास सफेद घोल लगाने की सलाह दी है. दावा है कि इस नुस्खे से छत का तापमान काफी कम हो जाता है और घर के अंदर बिना एसी के भी ठंडक बनी रहती है.
वायरल वीडियो में एक मिस्त्री भैया बताते हैं कि गर्मियों में छत आग की तरह तपने लगती है लेकिन सिर्फ चूना (Slaked Lime) लगाकर आप अपनी छत को ठंडा रख सकते हैं. इसके लिए चूने को पानी में घोलकर एक गाढ़ा सफेद मिश्रण तैयार किया जाता है और इसे छत पर लगा दिया जाता है. यह सफेद घोल एक हीट रिफ्लेक्टर यानी गर्मी को परावर्तित करने का काम करता है जो सूरज की किरणों को सोखने के बजाय वापस लौटा देता है.

छत को सफेद करने का यह नुस्खा सिर्फ देसी जुगाड़ नहीं है, बल्कि इसके पीछे वैज्ञानिक तर्क भी हैं. जर्नल जियोफिजिकल रिसर्च लेटर्स में पब्लिश्ड रिसर्च के मुताबिक, यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के वैज्ञानिकों ने ग्रेटर लंदन के एक मॉडल का उपयोग करते हुए 2018 के सबसे गर्म दिनों में इस विधि की टेस्टिंग की थी. यदि ठंडी छतों पर सफेद या परावर्तक पेंट किया जाए तो वे आसपास के तापमान को कम कर सकती हैं और तापमान 1.3 से 2 डिग्री तक कम हो सकता है.
इसके अलावा अन्य वैज्ञानिक स्टडीज यह बताती हैं कि छतों को सफेद रंग से पेंट करने से शहरों के बढ़ते तापमान (अर्बन हीट आइलैंड इफेक्ट) को कम करने में बड़ी मदद मिल सकती है. सफेद रंग सौर विकिरण को वापस वायुमंडल में भेज देता है, जिससे छत की सतह का तापमान काफी गिर जाता है.
छत पर सफेद चूना या पेंट पोतने का यह तरीका न केवल सस्ता है बल्कि पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल भी है. जहां एक ओर एयर कंडीशनर बाहर की हवा को और गर्म करते हैं, वहीं यह देसी जुगाड़ घर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखता है. जो लोग बिजली बिल से बचना चाहते हैं वे लोग इस तकनीक को अपना सकते हैं.