scorecardresearch
 

Protein Shaker Smell: जिम के प्रोटीन शेकर से आ रही बदबू? इन 4 घरेलू नुस्खों से चुटकियों में भगाएं बदबू

जिम जाने वाले लोगों के प्रोटीन शेकर से अक्सर काफी बदबू आने लगती है. कई बार अच्छी तरह धोने के बाद भी यह गंध नहीं जाती. इससे छुटकारा पाने के आसान और घरेलू नुस्खे क्या हैं, इस बारे में आर्टिकल में जानेंगे.

Advertisement
X
प्रोटीन शेकर से आने वाली बदबू से अधिकतर लोग परेशान रहते हैं. (Photo: ITG)
प्रोटीन शेकर से आने वाली बदबू से अधिकतर लोग परेशान रहते हैं. (Photo: ITG)

जिम और वर्कआउट का शौक रखने वालों के बैग में प्रोटीन शेकर एक जरूरी हिस्सा होता है. लेकिन इस बोतल के साथ सबसे बड़ी समस्या तब आती है, जब इसमें से अजीब सी सड़ांध या प्लास्टिक जैसी गंध आने लगती है. वहीं यदि आप प्रोटीन शेकर धोना भूल जाते हैं तो उसमें से बदबू काफी तेज आने लगती है जो काफी कोशिशों के बाद भी नहीं जाते. लेकिन कुछ ऐसे घरेलू तरीके भी हैं जिन्हें अपनाने से आपके प्रोटीन शेकर की बदबू दूर हो जाएगी और वो हमेशा फ्रेश लगेगा. शेकर बोतल साफ करने और बदबू को शुरू होने से रोकने के लिए कौन से तरीके अपनाएं, इस बारे में जान लीजिए.

शेकर से क्यों आती है बदबू?

प्रोटीन शेकर आमतौर पर प्लास्टिक के बने होते हैं. प्लास्टिक के अंदर बहुत ही सूक्ष्म छेद होते हैं जिन्हें पोरस सर्फेस कहा जाता है. जब आप इसमें प्रोटीन घोलते हैं और इसे लंबे समय तक बंद रखते हैं तो प्रोटीन के अवशेष उन छेदों में फंस जाते हैं. नमी मिलने पर बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं. यही वजह है कि जब आप वर्कआउट के बाद शेकर को बैग में रखकर भूल जाते हैं और कुछ घंटों बाद खोलते हैं, तो उसमें से तेज गंध आती है.

IFBB फिगर प्रो, डॉ. सेड्रिना एल. काल्डर का कहना है, 'प्रोटीन शेकर की बोतल के गर्म, नम और अंधेरे वातावरण में बैक्टीरिया आसानी से पनप सकते हैं. साथ ही इसमें बैक्टीरिया के पनपने के लिए भरपूर प्रोटीन भी मौजूद होता है, जिससे यह रोगाणुओं का अड्डा बन जाता है. इतना ही नहीं, ये बैक्टीरिया ही उस दुर्गंध का कारण बनते हैं जो लंबे समय से रखी हुई गंदी शेकर खोलने पर आती है. गंदे शेकर में बैक्टीरिया पनपते और जमा होते हैं, जिससे अगर आप ठीक से साफ न की गई बोतल का इस्तेमाल करते हैं तो बीमार पड़ने का खतरा बढ़ जाता है.'

Advertisement

गर्म पानी और साबुन

डॉ. काल्डर सलाह देती हैं, अगर आपकी बोतल में बहुत अधिक गंदगी जमा हो गई है तो उबलते गर्म पानी और डिश सोप का इस्तेमाल करें. शेकर का ढक्कन हटाएं और उसमें थोड़ा सा डिश सोप डालें. फिर शेकर में थोड़ा उबलता हुआ गर्म पानी डालें और उसे कुछ देर के लिए छोड़ दें. ढक्कन को खुला छोड़ दें और बोतल को साबुन और गर्म पानी से अलग से साफ करें. 

बोतल को कम से कम 10 मिनट तक भिगोने के बाद, साबुन वाला पानी निकाल दें और फिर स्पंज और गर्म पानी से बोतल को अच्छी तरह साफ करें.

गर्म पानी और सिरका

डॉ. काल्डर के अनुसार, शेकर साफ करने का एक और तरीका है उसे गर्म पानी और सिरके के मिश्रण में भिगोना. सफेद सिरका एक बेहतरीन प्राकृतिक कीटाणुनाशक है और दुर्गंध दूर करने में भी मदद करता है. पानी और सिरके के मिश्रण को शेकर बोतल में डालें. बोतल का ढक्कन लगाकर मिश्रण को अच्छी तरह हिलाएं. इसे कुछ घंटों या रात भर के लिए छोड़ दें. फिर सिरका और पानी को बाहर निकालें और बोतल और ढक्कन को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करें.

बेकिंग सोडा और नींबू

अगर आपके शेकर से बदबू नहीं जा रही है तो किचन में रखा बेकिंग सोडा सबसे कारगर हथियार है. एक चम्मच बेकिंग सोडा को गर्म पानी के साथ बोतल में डालकर अच्छी तरह हिलाएं और रात भर के लिए छोड़ दें. सुबह इसे साफ पानी से धो लें, बदबू गायब हो जाएगी. इसके अलावा आप चाहें तो नींबू का रस भी प्रयोग कर सकते हैं और ये भी शेकर की गंध दूर कर सकता है.

Advertisement

हर्बल चाय

प्रोटीन शेकर को साबुन और पानी से धोने के बाद, उसमें गुनगुना पानी भरें और एक टी बैग को रात भर उसमें भिगोकर रखें. अगली सुबह जब आप इसका इस्तेमाल करेंगे तो इसमें चाय की हल्की सी महक आएगी यानी सोप या साबुन की गंध भी दूर हो जाएगी.

शेकर की बदबू को दूर करने का सबसे अच्छा तरीका है कि इसे इस्तेमाल करने के बाद तुरंत पानी से धोएं और खुली हवा में सुखाएं. रोजाना धोने और साफ करने से वो बदबू का घर नहीं बनेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement