शादी का सीजन शुरू हो गया है और मार्केट में साड़ी से लेकर लहंगों तक की धूम देखने को मिल रही है. यूं तो लड़कियां अपने रिश्तेदारों और दोस्तों की शादी में पहनने के लिए कई तरह के आउटफिट्स खरीद रही हैं, लेकिन उनकी पहली पसंद आज भी साड़ी ही रहती हैं. हालांकि, सर्दियों के इस मौसम में साड़ी पहनना बहुत बड़ा चैलेंज हो सकता है क्योंकि आपको ठंड लग सकती है.
जब भी सर्दियों की शादी में साड़ी पहनने की बात आती है, तो आपको इसकी स्टाइलिंग में कुछ बदलाव करने की जरूरत होती है. अगर आप भी हाल-फिलहाल में आने वाली शादियों में साड़ी पहनने का मन बना चुकी हैं, लेकिन समझ नहीं पा रही हैं कि उसे कैसे स्टाइल करें तो सेलिब्रिटी ड्रेप आर्टिस्ट डॉली जैन ने कुछ टिप्स दी हैं जिन्हें फॉलो करके आप आसानी से साड़ी कैरी कर सकते हैं. यह आर्टिकल पढ़कर आपको सर्दियों में साड़ी कैसे पहनें, इस सवाल का जवाब मिल जाएगा.
जैकेट के साथ पहनें साड़ी: सर्दियों के दौरान साड़ी पहनना फैशनेबल भी हो सकता है अगर आप उसे स्टाइलिश जैकेट या श्रग के साथ पेयर करें तो. डॉली जैन लड़कियों और महिलाओं को एक लंबी जैकेट पहनने की सलाह देती हैं, जो आपकी साड़ी के कपड़े और कलर के साथ मैच करती हो. आप अपने लुक को फ्यूजन बनाने के लिए वूलन या लेदर जैकेट के साथ पेयर कर सकती हैं.
मॉर्डन ट्विस्ट देने के लिए लगाएं बेल्ट: डॉली जैन की बात मानते हुए आप अपने लुक को मॉडर्न ट्विस्ट देने के लिए साड़ी पर स्टाइलिश बेल्ट लगा सकती हैं. आप अपनी साड़ी के अनुसार मेटेलिक या फिर एम्ब्रॉयडेड बेल्ट चूज कर सकती हैं. बेल्ट न केवल ग्लैमर का तड़का लगाएगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगी कि साड़ी ढीली ना पड़े और लटके नहीं.
अलग-अलग स्टाइल में ड्रेप करें साड़ी: सर्दियों में आप साड़ी अलग-अलग तरह से ड्रेप कर सकती हैं. डॉली आपको साड़ी को धोती स्टाइल में ड्रेप करने की सलाह देती हैं, जो बोल्ड होने के साथ ही आरामदायक भी है. आप प्लीट्स के साथ बटरफ्लाई ड्रेप का भी इस्तेनाल कर सकते हैं, जो आपके शरीर पर खूबसूरती से बैठते हैं और आपको एक ट्रेंडी, कनटेंपररी वाइब देता है.
मोटे फैब्रिक की साड़ी पहनें: आप सर्दियों में पहनने के लिए सिल्क, वेलवेट, ऊन या ब्रोकेड फैब्रिक की साड़ियों का चुनाव कर सकती हैं. ऐसे फैब्रिक थोड़े मोटे होते हैं और आपको गर्माहट देते हैं. डॉली के अनुसार, भारी कपड़े की साड़ी आपको ठंड से बचाने के साथ ही शानदार लुक भी देगी.
फुल-स्लीव या केप-स्टाइल ब्लाउज के साथ पहनें: साड़ी को आप फुल-स्लीव्स या केप-स्टाइल ब्लाउज के साथ पेयर करके सर्दी से भी बच सकती हैं और स्टाइलिश भी लग सकती हैं. डॉली की मानें तो ये ब्लाउज स्टाइल न केवल आपको गर्माहट देते हैं बल्कि हाई-फैशन लुक भी देते हैं.