scorecardresearch
 

उत्तराखंड में हीटवेव का अलर्ट! हरिद्वार-देहरादून-पौड़ी समेत कई जिलों में चढ़ेगा पारा

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के कई हिस्सों में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है. 22 मई तक प्रदेश के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

Advertisement
X
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में हीटवेव की संभावना जताई है. (Photo: ITG)
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में हीटवेव की संभावना जताई है. (Photo: ITG)

भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है. कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. कई राज्यों में हीटवेव को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है. वहीं, उत्तराखंड में भी बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार 22 मई 2026 तक प्रदेश में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है.

खासतौर पर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 20 से 22 मई के बीच तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जबकि देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी पत्र में जिलों के ईओसी और कंट्रोल रूम को 24x7 सक्रिय रखने, अस्पतालों में ओआरएस, IV फ्लूड, दवाइयों और विशेष बेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखने और हीट स्ट्रोक व डिहाइड्रेशन के मरीजों के तुरंत उपचार की तैयारी करने को कहा गया है.

Advertisement

पेयजल की व्यवस्था करने के भी निर्देश

नगर निकायों को बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल, प्याऊ और वाटर कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थल बनाए जाएंगे. पेयजल विभाग को नियमित जल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकर भेजने को कहा गया है.

निर्देशों में निर्माण स्थलों और औद्योगिक इकाइयों में काम के समय को सुबह और शाम तक सीमित करने, श्रमिकों के लिए छाया, पेयजल की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है. साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए प्राथमिक उपचार और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के भी निर्देश शामिल हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement