अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में इंडियन एयरफोर्स के प्रतीक के रूप में साल 2009 से खड़े एक फाइटर प्लेन को किसी नटवरलाल ने ओएलएक्स की साइट पर जाकर बेचने का ऐड दे दिया. इसकी कीमत रखी गई 99999999. यानी 9 करोड़ 99 लाख 99 हजार 999.
ओएलएक्स साइट पर इस प्लेन को बेचने का ऐड 3 अगस्त को ही पोस्ट किया गया था, लेकिन मामले की जानकारी जैसे ही मिली उस नटवरलाल ने दोपहर बाद ऐड को डिलीट कर दिया. फिलहाल अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर ने मामले की जांच कर कार्यवाही की बात कही है.
दरअसल, इंडियन एयरफोर्स ने एएमयू को 2009 में माइको यान mig-23 बीएन फाइटर प्लेन गिफ्ट किया था. इसको एएमयू के इंजीनियर विभाग के बाहर एक प्रतीक के रूप में स्थापित कर दिया गया था. इसका इस्तेमाल कई महत्वपूर्ण युद्ध में इस्तेमाल किया जा चुका है.
करीब 28 साल तक इंडियन एयरफोर्स में सेवा देने के बाद इस फाइटर प्लेन को रिटायर करते हुए एएमयू को गिफ्ट कर दिया था. आज इस प्लेन को बेचने की पोस्ट किसी ने ओएलएक्स पर डाल दी. इसके बाद हंगामा मच गया. दोपहर बाद ऐड को डिलीट कर दिया गया.
इस मामले में एएमयू के प्रॉक्टर डॉ. मोहम्मद वसीम अली का कहना है कि किसी ने ओएलएक्स पर हमारे इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने खड़े फाइटर प्लेन का ऐड डाला है. इसके बारे में इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल साहब से भी बात हुई तो उनको भी जानकारी नहीं है.
एएमयू के प्रॉक्टर डॉ. मोहम्मद वसीम अली ने कहा कि फाइटर प्लेन को बेचने का यूनिवर्सिटी की तरफ से ऐड नहीं डाला गया था. इसके बारे में हम जांच कर रहे हैं. ऐड को हटा दिया गया है, फिर भी हम इसकी जांच कराएंगे और पता करेंगे की कि यह किसका काम है.