राष्ट्रपति भवन का विशाल प्रांगण सोमवार शाम उन यादगार लम्हों का गवाह बनेगा, जब नरेंद्र मोदी सैकड़ों देशी विदेशी मेहमानों की मौजूदगी में देश के 15वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे. हालांकि, बारिश की आशंका को देखते हुए शपथ समारोह राष्ट्रपति भवन के भीतर हो सकता है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में सोमवार को मौसम खराब रह सकता है.
राष्ट्रपति की सचिव अमिता पॉल ने बताया कि अगर ज्यादा बारिश होगी तो शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन दरबार हॉल में किया जा सकता है. दरबार हॉल में 500 लोगों के बैठने का इंतजाम है. हल्की बारिश में फॉर-कोर्ट में मेहमानों को छाते दिए जा सकते हैं. राष्ट्रपति भवन के पास 2000 से ज्यादा छाते नहीं हैं. उन्होंने कहा कि अंतिम क्षण तक कोशिश की जाएगी कि समारोह की जगह न बदलनी पड़े. राष्ट्रपति भवन में फूड काउंटर तो रंगीन कपड़ों से ढंके रहेंगे लेकिन शामियाना नहीं लगाया जाएगा.
