कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में पूरा देश एकजुट होकर मदद के लिए हाथ बढ़ा रहा है. भारतीय रेलवे एक तरफ जहां सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है तो वहीं कोरोना मरीजों के इलाज में मदद के लिए भी आगे आया है. रेलवे ने कोरोना मरीजों के उपचार में सहायता के लिए शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन पर 10 आइसोलेशन कोच लगा दिए हैं.
बता दें कि आइसोलेशन कोच की पहली खेप है जिसे रेलवे इलाज के लिए मुहैया करा रही है. इस बारे में नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार कहते हैं, "बहुत हल्के, हल्के या कोरोना वायरस के बिना लक्षण वाले मरीज को यहां भर्ती किया जा सकता है."
Delhi: In a first, Railways has stationed 10 isolation coaches at Shakurbasti Railway Station to aid the treatment of COVID-19 patients. "160 patients with very mild, mild, or no symptoms of coronavirus can be admitted at the facility," says Northern Railway CPRO Deepak Kumar. pic.twitter.com/b2L1TtNyRa
— ANI (@ANI) June 4, 2020
रेलवे ने कोरोना मरीजों को आइसोलेट करने के लिए ट्रेन के डिब्बों को विशेष रूप से तैयार किया है. रेल मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी कि रेलवे ने 10 आइसोलेशन कोच वाली एक स्पेशल ट्रेन दिल्ली सरकार को मुहैया करा दी है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
बता दें कि रेलवे ने बहुत दिन पहले ही कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए आइसोलेशन कोच तैयार कर लिए थे, लेकिन अभी तक किसी राज्य ने इनकी डिमांड नहीं की थी. इसलिए ये कोच हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली समेत दिल्ली डिविजन के अलग-अलग डिपो में रखे गए थे. अब दिल्ली सरकार की मांग पर रेलवे ने पहले से तैयार 10 कोच की एक स्पेशल ट्रेन दिल्ली के कोरोना मरीजों को आइसोलेट करने के लिए दे दी है.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
आइसोलेशन कोच वाली इस ट्रेन में 160 बेड की व्यवस्था है. फिलहाल आइसोलेशन कोच वाली इस ट्रेन को शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के पास तैनात किया गया है. गौरतलब है कि रेलवे ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह के मुताबिक, कोविड-19 के मरीजों की देखभाल के लिए 5,231 डिब्बों को तैयार किया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इन डिब्बों को देश भर के 215 रेलवे स्टेशनों पर यार्ड में रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकेगा.