भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डीके रवि की रहस्मयी मौत को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच कर्नाटक सरकार मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश कर सकती है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया को सीबीआई जांच की सिफारिश करने को कहा है.
गौरतलब है कि राज्य के वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त आयुक्त डी.के.रवि 16 मार्च को अपने आधिकारिक आवास के कमरे में पंखे से फंदे पर लटके पाए गए थे. उनके शव को उनकी पत्नी कुसुमा ने तब देखा, जब कॉल का जवाब नहीं देने पर डुप्लिकेट चाबी से घर का दरवाजा खोलकर वह अंदर गईं.
पुलिस ने रवि की मौत को प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला बताया है और राज्य सरकार ने मामले की जांच का जिम्मा आपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दिया है. हालांकि, रवि के परिजनों का कहना है कि उनकी मौत के पीछे कोई साजिश है और मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराई जानी चाहिए.
उधर, रवि की मौत पर विधानसभा तथा विधान परिषद में गतिरोध जारी रहा. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) तथा जनता दल (सेक्युलर) ने मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराई है.