सरकार ने कहा है कि ऐसे उम्मीदवार जिन्हें आईएएस, आईएफएस और आईपीएस सहित अन्य सेवाएं आवंटित की गई हैं और इस साल की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में भी बैठ रहे हैं, वे फाउंडेशन कोर्स में शामिल नहीं हो सकते हैं.
गौरतलब है कि सिविल सेवा में चयन होने के बाद उम्मीदवार को फाउंडेशन कोर्स में शामिल होना पड़ता है.
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने एक आदेश में कहा है कि सिविल सेवा परीक्षा 2013 के नतीजों के आधार पर जिन उम्मीदवारों को आईएएस, आईएफएस, आईपीएस और केंद्रीय सेवाएं, ‘ग्रुप ए’ सेवाएं आवंटित कर दी गई हैं उन्हें अनिवार्य फाउंडेशन कोर्स के लिए 1 सितंबर 2014 से संबद्ध संस्थानों में जाना होगा.
विभाग ने कहा है, 'उम्मीदवारों को सूचित किया जाता है कि 24 अगस्त 2014 को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हो रहे उन सभी को इस फाउंडेशन कोर्स में शामिल होने की इजाजत नहीं होगी.' आदेश में कहा गया है कि यदि किसी उम्मीदवार ने पूर्व के वर्षों में फाउंडेशन कोर्स कर लिया है तो वह डीओपीटी से कोर्स से छूट मांग सकता है.
सरकार ने पिछले साल की सिविल सेवा परीक्षा के नतीजों के आधार पर उम्मीदवारों को सेवाएं आवंटित कर दी हैं. यूपीएससी ने 1,122 उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश की है जो सिविल सेवा परीक्षा में सफल हुए थे. 981 उम्मीदवारों को सेवा का आवंटन कर दिया गया है, शेष 141 उम्मीदवारों का सेवा आवंटन कुछ कारणों से नहीं किया गया है.