देश में दो महीने से अधिक समय तक लाकू रहे लॉकडाउन के बाद सरकार ने जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए अनलॉक वन की शुरुआत की. अनलॉक वन में कोरोना के नए मामले रोज नया रिकॉर्ड बना रहे हैं. लेकिन इन सबके बीच देश का एक राज्य ऐसा भी है, जहां कोरोना के मरीजों की तादाद अब घट रही है. वह राज्य है राजस्थान.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
राजस्थान में बाजार खुल गए हैं. बसों का परिचालन भी होने लगा है, लेकिन इसके बावजूद कोरोना के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं. राजस्थान में कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट 72 फीसदी पहुंच गया है, जो देश में सर्वाधिक है. सरकार का दावा है कि टेस्टिंग और ट्रेसिंग की बदौलत राजस्थान में कोरोना के एक्टिव केस ढाई हजार तक आ गए हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें...
सरकार का दावा है कि प्रदेश में प्रतिदिन 18250 लोगों का कोरोना टेस्ट हो रहा है. दावा यह भी किया जा रहा है कि अगले 10 दिन में रोजाना 25 हजार जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभी तक 15 जिलों में 21 जांच केंद्रों पर जांच हो रही है. प्रदेश में अब तक करीब 4.75 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है. इनमें से लगभग 10 हजार लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं. इनमें भी 2900 मामले प्रवासी नागरिकों के हैं.
देश-दुनिया के किस हिस्से में कितना है कोरोना का कहर? यहां क्लिक कर देखें
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने बताया कि अब बाजार खुल गए हैं, तो हमारे हाथ में कुछ भी नहीं है. अब हम टेस्टिंग और ट्रेसिंग पर ही जोर दे रहे हैं. हालांकि, जयपुर के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह अस्पताल अस्पताल के 32 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से जांच की रफ्तार थोड़ी धीमी भी पड़ी है.