पंजाब के जालंधर (Jalandhar) में स्पेन (Spain) से लौटी एक महिला का पति और ससुराली उसे पंजाब में छोड़कर विदेश भाग गए. विदेश जाते जाते महिला का पासपोर्ट (Passport) और सिटीजनशिप कार्ट भी अपने साथ ले गए. पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराली उसे परेशान कर रहे थे. इस मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर देर रात थाना डिवीजन नंबर-8 में शिकायत दर्ज की है.
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जालंधर के प्रीत नगर की रहने वाली अनुराधा स्पेन में रह रही थी. अनुराधा की शादी जालंधर के रहने वाले इंदर नाम के युवक के साथ हुई थी. शादी के बाद दोनों स्पेन चले गए थे. पहले तो सब कुछ सही चला, मगर फिर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा. महिला का आरोप है कि ससुराली अक्सर उससे अभद्र व्यवहार करते थे.
यहां देखें Video
एएसआई फकीर सिंह ने बताया कि महिला ने पति और ससुरालियों पर आरोप लगाए हैं. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं.
यह भी पढ़ें: 8 लाख दहेज और बरातियों के लिए बीयर... दूल्हे पक्ष की डिमांड सुन लड़की ने शादी से किया इनकार, सजे-धजे बैठे रह गए बाराती
जालंधर के थाना-8 में पहुंची पीड़ित महिला अनुराधा ने कहा कि शादी के बाद से बच्चा नहीं हुआ तो इस बात को लेकर ससुरालियों ने मुझे बुरा भला कहा. कई बार मेरे साथ मारपीट भी की, मगर अपना घर बचाने के लिए मैंने कुछ नहीं कहा. कुछ दिन पहले ससुरालियों के साथ मैं भारत लौट आई थी, मगर शनिवार की देर रात ससुराली स्पेन चले गए. वे लोग जाते जाते मेरा पासपोर्ट और उसका सिटीजनशिप कार्ड भी साथ ले गए.
महिला ने कहा- स्पेन में भी मारपीट करता था पति, सभी तलाक का बना रहे दबाव
पीड़ित महिला अनुराधा ने आरोप लगाए हैं कि पति अक्सर स्पेन में भी मारपीट करता था. एक बार बचाने के लिए पड़ोसियों को आना पड़ा था. ससुराली अक्सर अभद्र शब्दावली इस्तेमाल करते थे. पूरा परिवार मुझे गलत बातें बोलता था. परिवार तलाक लेने का दबाव बना रहा था, मगर मैं तलाक नहीं देना चाहती थी.
पुलिस अधिकारी थाना 8 जालंधर फकीर सिंह ने कहा कि पीड़ित महिला ने ससुरालीजनों के साथ ही पति के खिलाफ शिकायत दी है और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.