हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल का दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया है. वो 80 वर्ष के थे.
भजनलाल का निधन उनके गृहनगर हिसार में ही हुआ. पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि भजनलाल पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे.
भजनलाल कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में से एक रहे हैं.
बाद में पार्टी से नाराजगी के चलते उन्होंने हरियाणा जनहित कांग्रेस नाम से अलग पार्टी बना ली थी.
भजनलाल दो बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं. पहली बार 1979 से 1985 तक और दूसरी बार 1991 से 1996 तक.
राजीव गांधी सरकार में वे केंद्रीय कैबिनेट के सदस्य भी रहे.
हिसार से लोकसभा सदस्य भजन लाल के परिवार में उनकी पत्नी जासमा देवी, दो पुत्र चंदर मोहन (पूर्व उप मुख्यमंत्री), कुलदीप विश्नोई (विधायक) और एक पुत्री हैं.
राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भजनलाल की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'हमारे बीच एक अच्छा नेता नहीं रहा. हम सभी को उनकी कमी खलेगी.'